नेपाल में हिंसा के बीच सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
महराजगंज 10 सितंबर (वार्ता) पड़ोसी देश नेपाल में जारी हिंसक प्रदर्शन और अराजक स्थिति को देखते हुए भारत-नेपाल के अंतरराष्ट्रीय सीमा सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस विभाग ने उच्च स्तर की सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। सीमा पर तैनात अधिकारियों और खुफिया एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने को कहा गया है।नेपाल में लगातार तीसरे दिन चल रहे प्रदर्शन के कारण महराजगंज प्रशासन ने बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सीमावर्ती थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं और बॉर्डर क्षेत्र में हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों को निर्देश दिया है कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीमा पर कानून व्यवस्था बनाए रखी जाए।
नेपाल के बेलहिया में प्रदर्शनकारियों द्वारा भंसार कार्यालय में आगजनी की घटना के बाद भारत-नेपाल के सोनौली सीमा पर
मालवाहक वाहनों और टूरिस्ट गाड़ियों आवाजाही पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। इसके कारण पांच हजार से अधिक भारतीय पर्यटक नेपाल में फंस गए हैं। वहीं, मालवाहक ट्रकों के चालक भी सीमा पर फंसकर वतन वापसी की मांग कर रहे हैं। पिछले एक सप्ताह से नेपाल भंसार कार्यालय की पार्किंग में फंसे हुए ट्रकों और वाहनों के चालक प्रशासन से समस्या का समाधान चाहते हैं।
सीमा पर हाई अलर्ट जारी किया गया है और सुरक्षा एजेंसियां हर गतिविधि पर नजर रख रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीमा पार किसी भी तरह की अनियंत्रित गतिविधि को तुरंत नियंत्रित किया जाएगा। ट्रक चालक भी अपने फंसे हुए माल और वाहनों को लेकर चिंतित हैं और सीमा खुलने का इंतजार कर रहे हैं। एक ट्रक ड्राइवर ने बताया, “हम कई दिन से सीमा पर फंसे हुए हैं। हमारी उम्मीद है कि जल्द ही स्थिति सामान्य होगी और हम अपने घर लौट सकेंगे।”
बॉर्डर पर यह हालात प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं, लेकिन सतर्कता और कड़े सुरक्षा प्रबंधों के साथ किसी भी अप्रिय घटना से निपटने की पूरी तैयारी की जा रही है।
महराजगंज पुलिस अधीक्षक सोमेन्द्र मीना ने कहा कि सोनौली बॉर्डर पर हाई अलर्ट जारी है, और संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. नेपाल के बेलहिया में प्रदर्शनकारियों द्वारा भंसार कार्यालय में आगजनी की घटना के बाद सोनौली सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से सतर्क हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें