वक्फ संशोधन अधिनियम पर बोले अखिलेश : हस्तक्षेप न करे सरकार, और भी ज्यादा न्याय मिलेगा

लखनऊ 15 सितंबर ( वार्ता) वक्फ संशोधन अधिनियम पर उच्चतम न्यायालय के अंतरिम आदेश को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उन्होने लोकसभा में कहा था कि इस पर सरकार को हस्तक्षेप नहीं करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जतायी कि उच्चतम न्यायालय से और भी ज्यादा न्याय मिलेगा।

पार्टी कार्यालय में विश्वकर्मा जयंती पर विश्वकर्मा समाज के लोगों को सम्मानित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा “ हम और विश्वकर्मा समाज के लोग बैठे हैं, जो अपने टैलेंट से बिना सरकार मदद के समाज में सुंदरता लाते हैं। प्रदेश में समाजवादी सरकार बनने पर हम इनके समाज की तरक्की के लिए अगर विशेष योजना भी लानी पड़ेगी तो लाएंगे। ”
इस दौरान अखिलेश ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि कोई एआई पर बहस न करे।कोई पावर प्लांट पर बहस न करे, हमारी नदियां कैसे साफ हों। ये जो स्मार्ट सिटी का सपना दिखाया था, वहां ढेरों कचरा है। भेड़िया जो भाग गए थे, वे फिर वापस आ गए। शहरों में झूठ फैलाने के लिए पता नहीं कौन सी संस्था आती है कि यूपी के तीन शहर सफाई में अच्छे हैं। ऐसी संस्थाओं को ब्लैकलिस्ट करना चाहिए।”
अखिलेश यादव ने कहा “ अभी तक गोरखपुर में मेट्रो नही चल पाई है। आज इंजीनियरिंग डे भी है और इस धरती के पहले इंजीनियर भगवान विश्वकर्मा को याद किया जा रहा है। हमने आज विश्वकर्मा समाज से कहा है कि हम उनकी लड़ाई लड़ेंगे और सम्मान देने का काम करेंगे। हम समाज के लोगों को भरोसा दिलाते हैं कि विश्वकर्मा जयंती को भव्य बनाएंगे। हमारी सरकार ने विश्वकर्मा दिवस को छुट्टी भी घोषित की थी। लखनऊ गोमती रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा जी की भव्य मूर्ति स्थापित करेंगे और सोने का सिंहासन बनाएंगे। ”
उन्होने कहा कि भाजपा कोई राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक गैंग बन चुकी है और समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय और विकास के लिए जनता के साथ मिलकर संघर्ष जारी रखेगी। अअब हम हर जिले का हम मेनिफेस्टो बनाएंगे। राज्य स्तरीय घोषणापत्र तो हम लाएंगे ही, साथ में उत्तर प्रदेश के हर जिले मेनिफेस्टो तैयार करके जिलों का कारोबार बढ़ाने में हर संभव प्रयास करेंगे। सपा सरकार आने पर हस्तशिल्प कारोबारियों और हुनरमंदों को उनका हक दिया जाएगा।कौशांबी, कानपुर और गाजीपुर अपराधियों पर कार्रवाई के बजाय समझौते और जातिगत एनकाउंटर हो रहे हैं।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा शासन में वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट योजना का बजट जीरो है। भदोही के कालीन, मुरादाबाद की पीतल और अन्य उद्योग संकट में हैं, लेकिन सरकार अमेरिकी टैरिफ से जूझ रहे कारोबारियों की मदद करने के बजाय विदेशी कंपनियों को लाभ पहुंचा रही है। ऑनलाइन गेमिंग और और नेपाल में हिंसा को लेकर केंद्र सरकार की नीतियां पूरी तरह विफल रहीं। आगरा, मथुरा और वृंदावन में पर्यटन सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा केवल घोषणाएं करती है, जमीन पर व्यवस्था नहीं दिखती।
खाद्य पदार्थों में मिलावट और महंगाई का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि रासुका सिर्फ मुस्लिम, यादव और पिछड़ों पर लगाया जा रहा है, जबकि भाजपा के नेता नकली पनीर बनाते हुए पकड़े जा रहे हैं। जीएसटी से महंगाई कम होने के बजाय और बढ़ी है, मुनाफाखोरी चरम पर है और जब तक बीजेपी सत्ता में है, महंगाई खत्म नहीं होगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार प्रदेश में आने पर आउटसोर्सिंग को समाप्त कर पक्की नौकरी और पक्का आरक्षण सुनिश्चित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में एम्स, मेडिकल कालेज बना दिया पर, इलाज नही है। क्योंकि किसी भी मेडिकल कालेज में पर्याप्त स्टाफ नही है।
उन्होंने कहा कि इनके विधायक मंत्री पुलिस के खिलाफ धरने पर बैठ रहे हैं। कानपुर में आईपीएस का कुछ नहीं हो पा रहा है। सीएम आवास में समझौता हो रहा है। उन्होंने कहा कानपुर का मामला जमीन, हत्या, पैसे की लेनदेन सहित कई मामलों से जुड़ा हुआ ।है अगर कानपुर का ही मामला खुल जाए तो सरकार की पूरी पोल खुल जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस बेलगाम हो गई है। ये सरकार के नियंत्रण में नहीं है। इसलिए लगातार पुलिस की पिटाई से हुई मौतों के मामले सामने आ रहे थे। वहीं, गाजीपुर में पुलिस की पिटाई से भाजपा कार्यकर्ता की मौत मामले पर उन्होंने कहा कि हम तो पीड़ित पक्ष को न्याय दिलाने के लिए खड़े हैं लेकिन सुनने में आ रहा है कि पीड़ित पक्ष और सरकार के बीच कुछ समझौता हो गया है। हम जिसे न्याय दिलाना चाहते हैं अगर वो ही समझौता कर ले तो हम क्या कर सकते हैं।
भारत-पाकिस्तान के मैच के बारे में पूछने पर उन्होंने कहा कि यह बात तो शहीदों के परिवार से पूछनी चाहिए। भाजपा के लोग पहलगाम हमले के शिकार हुए लोगों के परिजनों का सामना नहीं कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि विदेश नीति से जुड़े मामले बेहद संवेदनशील होते हैं। उन्होंने कहा कि बुलडोजर डिकन्सट्रक्टिव है, कंस्ट्रक्टिव नहीं।
अखिलेश यादव ने कहा बिहार चुनाव के बाद 400 दिन और बचेंगे यूपी के चुनाव के लिए। बीजेपी वाले झूठ पर चलने वाले लोग हैं। जिस दिन कैमरा साथ छोड़ देगा जमीन पर आ जाएंगे।
प्रेस कांफ्रेंस से पूर्व सपा कार्यालय में बिजली उस समय कट गई, जब पार्टी कार्यकर्ता अखिलेश यादव का स्वागत कर रहे थे। बिजली कटने के बाद वहां मौजूद कार्यकर्ताओं ने मोबाइल की लाइट जलाई, जिसके बाद कार्यक्रम को आगे बढ़ाया गया। इस दौरान तकरीबन तीन मिनट तक बिजली कटी रही।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास