भागलपुर-दुमका-रामपुर हाट रेलवे लाइन के दोहरीकरण को मंजूरी
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) सरकार ने बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भागलपुर-दुमका-रामपुर हाट एकल रेलवे लाइन खंड के दोहरीकरण को मंजूरी दे दी है। इस परियोजना की कुल लागत 3169 करोड़ रुपये है।
केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडल समिति ने आज यह निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि मंत्रिमंडल ने बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट एकल रेलवे लाइन खंड के दोहरीकरण को मंजूरी दी, जिसकी कुल लागत 3,169 करोड़ रुपये होगी।उन्होंने कहा कि तीन राज्यों बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के पांच जिलों को कवर करने वाली इस परियोजना से भारतीय रेलवे के मौजूदा नेटवर्क में लगभग 177 किलोमीटर की वृद्धि होगी।
उन्होंने कहा कि बढ़ी हुई लाइन क्षमता से गतिशीलता में सुधार होगा जिससे भारतीय रेलवे की दक्षता और सेवा विश्वसनीयता बढ़ेगी। मल्टी-ट्रैकिंग प्रस्ताव से परिचालन आसान होगा और भीड़भाड़ कम होगी। इससे भारतीय रेलवे के सबसे व्यस्ततम खंडों पर आवश्यक बुनियादी ढाँचागत विकास संभव होगा। ये परियोजनाएं श्री मोदी के नये भारत के दृष्टिकोण के अनुरूप हैं जो क्षेत्र के लोगों को व्यापक विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाएगा और उनके रोज़गार के अवसरों को बढ़ाएगा।
श्री वैष्णव ने कहा कि यह परियोजना खंड देवघर (बाबा बैद्यनाथ धाम), तारापीठ (शक्ति पीठ) जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों को रेल संपर्क भी प्रदान करेगा जहां देश भर से तीर्थयात्री और पर्यटक आते हैं।
उन्होंने कहा कि यह रेल खंड कोयला, सीमेंट, उर्वरक, ईंट और पत्थर आदि जैसी वस्तुओं के परिवहन के लिए यह एक आवश्यक मार्ग है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें