श्री काशी विश्वनाथ का आशीर्वाद रूपी अंगवस्त्र पहनेंगे ‘लालबाग के राजा’
वाराणसी, 2 सितंबर (वार्ता) 'वोकल फॉर लोकल', 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के मंत्र के साथ आगे बढ़ने की कामना का संदेश देते हुए, नमामि गंगे ने पौराणिक काशी की धरा पर निर्मित श्री काशी विश्वनाथ के आशीर्वाद से परिपूर्ण अंगवस्त्र को मंगलवार को मुंबई के लालबाग के राजा को समर्पित करने के लिए भेजा।
11 मीटर लंबा और 3 मीटर चौड़ा, 'जय श्री काशी विश्वनाथ' अंकित यह दुपट्टा गुरुवार को नमामि गंगे की ओर से 'स्टोरीज ऑफ काशी' के माध्यम से सनातनी संस्कृति के प्रचार-प्रसार में अग्रणी प्रसिद्ध इन्फ्लुएंसर सूर्यांशु शुक्ला द्वारा मुंबई के लालबाग के राजा को अर्पित किया जाएगा।नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के संयोजन में बाबा को स्पर्श कराकर यह अंगवस्त्र लालबाग के राजा के लिए भेजा गया। राजेश शुक्ला ने कहा कि 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' की भावना देश के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। त्योहारी मौसम के दौरान देशवासियों को स्वदेशी उत्पादों को प्राथमिकता देनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि उपहार, कपड़े और साज-सज्जा की वस्तुएं वही खरीदनी चाहिए, जो 'मेड इन इंडिया' हों या भारत की सामग्री से निर्मित हों।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें