केशव,भूपेंद्र ने मोदी को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं
लखनऊ, 17 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनायें दी हैं।
श्री मौर्य ने कहा है कि प्रधानमंत्री के अथक परिश्रम ने लोककल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के गरीब, शोषित, दलित और पीड़ित परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित किया है। उन्होने लिखा “ नए भारत को गढ़ने वाले यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जीवन एक साधक की सतत यात्रा है, जो माँ भारती की सेवा और जनकल्याण को समर्पित रही है।समाज के अंतिम पायदान पर खड़े वर्गों के कल्याण हेतु प्रधानमंत्री की नीतियाँ और उनके अथक परिश्रम ने लोककल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से देश के गरीब, शोषित, दलित और पीड़ित परिवारों को सम्मानजनक जीवन का अधिकार सुनिश्चित किया है।सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के मूलमंत्र के साथ आपने ‘गरीब, युवा, महिला और किसान’ के सशक्तिकरण को राष्ट्र निर्माण की धुरी बनाया है। संस्कृति और परंपरा की जड़ों को संजोते हुए आधुनिक और विकसित भारत के निर्माण का आपका संकल्प प्रत्येक वर्ग के उत्थान का आधार बना है।”
उन्होने लिखा , “ आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, आपको जन्मदिवस की कोटिशः शुभकामनाएं! आपके जन्मदिवस के इस सुअवसर पर बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ व दीर्घायु रहें और इसी तरह हम सभी का मार्गदर्शन करते रहें।”
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने कहा, “ राष्ट्रसेवा और जनहित को सर्वोपरि रखने वाले सच्चे कर्मयोगी, निस्वार्थ भाव से मां भारती की सेवा में अपना सर्वस्व समर्पित कर रहे आदर्शवादी और विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता, नव विचारधारा के प्रवर्तक, करोड़ो भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रेरणास्रोत, वाराणसी के जनप्रिय सांसद एवं देश के यशस्वी प्रधानमंत्री आदरणीय श्री नरेन्द्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आपके कुशल नेतृत्व में राष्ट्र पुनर्निर्माण में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करना मेरे लिए परम सौभाग्य की बात है।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें