योगी ने पंजाब समेत तीन राज्यों को वितरित की राहत सामग्री
लखनऊ 08 सितंबर (वार्ता) मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को पंजाब, हिमाचल और उत्तराखंड के आपदा प्रभावितों के लिए राहत सामग्री वाहनों को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया और उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से हिमाचल और उत्तराखंड को पांच-पांच करोड़ की धनराशि भेजी। योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत श्रेष्ठ भारत के आह्वान के साथ खड़ी है, उत्तर प्रदेश के बाढ़ पीड़ितों और किसानों को भी तत्काल सहायता दी जा रही है।
मुख्यमंत्री आज 12 घंटे के शोर्ट नोटिस पर सहारनपुर पहुंचे और उन्होंने यहां जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई राहत सामग्री के वाहनों को बाढ़ एवं आपदा प्रभावित तीन पड़ौसी राज्यों, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के लिए राहत सामग्री भरे वाहनों को हरी झंड़ी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने यह भी घोषणा कि उत्तर प्रदेश सरकार अपनी 25 करोड़ जनता की ओर से हिमाचल और उत्तराखंड को राहत कोष में पांच-पांच करोड़ धनराशि भी दे रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य मंत्री बृजेश सिंह उत्तराखंड के लिए और राज्य मंत्री जसवंत सिंह हिमाचल प्रदेश के लिए और सहारनपुर के नगर विधायक राजीव गुंबर पंजाब के लिए राहत सामग्री और पांच-पांच करोड़ की धनराशि का चैक के साथ भेजा जा रहा है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश इन तीनों राज्यों की आपदा पीड़ित जनता के साथ खड़ा हुआ है। योगी ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक भारत-श्रेष्ठ भारत के आह्वान को साकार करने में जी-जान से संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल और उत्तराखंड में कई स्थानों पर बादल फटने से भयंकर विभीषा आई। हमारी गहरी संवेदनाएं तीनों राज्यों के पीड़ितों के साथ हैं।
उन्होंने उत्तर प्रदेश का जिक्र करते हुए कहा “ हमने बाढ़ और भारी वर्षा से होने वाली आपदाओं से बचाव को व्यापक स्तर पर ऐहतियाती कदम उठाए थे, जिससे प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को बड़े पैमाने पर राहत मिली। राज्य सरकार भारी बारिश से खेतों में हुए जलभराव के कारण हुए नुकसान की पड़ताल करा रही है और रिपोर्ट मिलते ही नियमानुसार किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।”
योगी ने कहा कि यमुना नदी में बढ़े जल प्रवाह से सहारनपुर, बागपत और नोएड़ा एवं गंगा नदी में आए पानी के उफान से बिजनौर से बलिया तक जो भी आपदा आई है, प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। किसानों के पशु धन एवं फसलों को जो नुकसान पहुंचा है। सरकार तत्काल प्रभाव से सहायता दे रही है। जनहानि होने पर चार लाख रूपए की राशि तत्काल दी जा रही है और यदि किसी व्यक्ति की सांप, बिच्छू आदि के काटने से मौत हुई है तो उन्हें भी चार लाख रूपए का तत्काल लाभ दिया जा रहा है। जिन व्यक्तियों का मकान और प्रतिष्ठान नदी के जल कटाव में समा गया तो उन्हें नया मकान आदि बनाने के जमीन का पट्टा और निर्माण पर आने वाली राशि दी जा रही है। बाढ़ प्रभावित लोगों को नाश्ता और दोनों वक्तों का भोजन दिया जा रहा है साथ ही पशुओं के चारा भी दिया जा रहा है।
उन्होंने सहारनपुर जिला प्रशासन और यहां के संवेदनशील अधिकारियों की यह कहते हुए सराहना की और राहत सामग्री के रूप में खाद्य आदि की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखें और भारी बारीश के कारण प्रदूषित जल को उबालकर एवं शुद्ध करके पीए जिससे डायरिया यानि उल्टी दस्त के प्रकोप से बचा जा सके।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें