वाराणसी में कांग्रेस का मतदाता अधिकार सम्मेलन, बदलना पड़ा स्थान
वाराणसी, 27 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस द्वारा शनिवार को मतदाता अधिकार सम्मेलन का आयोजन मैदागिन स्थित पराड़कर भवन में प्रस्तावित था, लेकिन अंतिम समय में अज्ञात कारणों से बुकिंग रद्द कर दी गई।
इस कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस की सोशल मीडिया राष्ट्रीय अध्यक्ष व राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत भी वाराणसी पहुंचीं। पुलिस के साथ तीखी नोक झोंक के बाद यह कार्यक्रम मैदागिन स्थित कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में आयोजित किया गया।श्रीनेत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए कहा कि मतदाता अधिकार सम्मेलन एक जागरूकता अभियान है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा मतदाताओं के अधिकारों और वोट से जुड़े मुद्दों को जनता के सामने लाने की कोशिश को दबाव में बाधित करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा, "जहां यह कार्यक्रम होने वाला था, वहां रातोंरात बुकिंग रद्द कर दी गई। लेकिन कांग्रेस अब रुकने वाली नहीं है।"
महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने बताया कि जब कार्यकर्ता पराड़कर भवन की ओर जा रहे थे, तब पुलिस ने उन्हें बीच में रोक दिया। उन्होंने सवाल उठाया, "आखिर यह दबाव किसका था? मतदाता अधिकार सम्मेलन से किसी को क्या परेशानी हो सकती है?" उन्होंने कहा कि काशी में उनकी आवाज को दबाने की कोशिश की गई, लेकिन कांग्रेस कार्यालय में यह आयोजन पूर्ण रूप से संपन्न हुआ।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें