मोदी और भागवत में है शानदार तालमेल: अशोक सिन्हा
लखनऊ 11 सितंबर (वार्ता) विश्व संवाद केंद्र के उपाध्यक्ष और स्वयंसेवक अशोक कुमार सिन्हा ने गुरुवार को कहा कि संघ प्रमुख मोहन भागवत ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को एक नई दिशा दी है। युवकों का आह्वान कर उन्हें विशेष रूप से जोड़ते हुए तकनीकी युक्त शाखाओं का विस्तार किया है, उससे पूरे संगठन को मज़बूती मिली है।
उन्होंने बताया कि विशेष रूप से इस समय एक समवैचारिक सरकार है, जैसा संघ का लक्ष्य था, वही आज की सरकार का भी है। यह एक अच्छा अवसर है, जहां संघ ने भरपूर सहयोग किया है। "एक भारत श्रेष्ठ भारत" की दिशा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यों में संघ के स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही है। सरकारी योजनाओं में भी संघ का योगदान दिखता है। गंगा की स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम और एक भारत श्रेष्ठ भारत का अभियान,इन सभी में संघ का समर्थन और सहयोग प्रारंभ से ही रहा है। स्वच्छ भारत और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे कार्यों में संघ ने अपनी शाखाओं द्वारा व्यापक सामाजिक सहयोग प्रदान किया है।अशोक कुमार सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लेख में मोहन भागवत के निजी जीवन से जुड़ी कई अनसुनी बातें भी साझा की हैं। उन्होंने लिखा है “ बहुत कम लोग जानते हैं कि मोहन भागवत जी एक अच्छे गायक और संगीतकार हैं। शाखाओं में उनके गीत सुनने का अवसर कई बार मिला है। उन्हें कई प्रकार के वाद्य-यंत्रों का भी अच्छा ज्ञान है।”
उन्होने कहा “ मोदी जी द्वारा इन आंतरिक बातों का उल्लेख करने का आशय यही है कि उनके और मोहन भागवत जी के बीच आपसी समझ और बेहतर तालमेल है। इस सहयोग का लाभ देश और समाज दोनों को मिल रहा है। जब सहयोग और एकता की भावनाएँ मिलकर प्रगति करती हैं, तो उसका लाभ पूरे राष्ट्र को होता है और यह समाज के लिए हितकारी सिद्ध होता है। ”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें