मुख्यनगर में ऐसा होना मतलब किसी की मुख्य साझेदारी: अखिलेश
लखनऊ 16 सितंबर ( वार्ता) उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में पशु तस्करों द्वारा 19 वर्षीय छात्र की हत्या के मामले में समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा है कि अगर उप्र के ‘मुख्यनगर’ में ऐसा हो रहा है तो इसका मतलब है कि इस गोरखधंधे में किसी की मुख्य साझेदारी है या उसके हाथ से ये नगर भी निकल गया है।
मंगलवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट एक्स पर पोस्ट करते हुए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर में शासनिक-प्रशासनिक मिलीभगत से सत्ता संरक्षित पशु तस्करों के ख़िलाफ़ जनता का जो गुस्सा फूटा है। उसकी ज़िम्मेदार भाजपा सरकार ख़ुद है। जिन पशु तस्करों ने युवक की जान ले ली है। उनको बचाने के लिए पुलिस आएगी तो तस्करी के इस कुकृत्य में सत्ताधारियों की साँठगाँठ का भंडाफोड़ होगा ही और जनता आक्रोशित भी होगी।अखिलेश यादव ने कहा कि अगर उप्र के ‘मुख्यनगर’ में ऐसा हो रहा है तो इसका मतलब है कि इस गोरखधंधे में किसी की मुख्य साझेदारी है, या उसके हाथ से ये नगर भी निकल गया है और पूरे उप्र की तरह यहाँ भी अपराध चरम पर है, और यहाँ भी अपराधियों का ही सिक्का चल रहा है। दोनों हालातों में ये ‘मुख्य नाकामी’ है। मृतक के पीड़ित परिजनों को न्याय मिले। भाजपा जाए तो इंसाफ़ आए।
गौरतलब है कि गोरखपुर जिले के पिपराइच के मऊआचापी गांव में सोमवार रात ग्रामीणों और तस्करों के बीच हुई भिड़ंत में पशु तस्करों ने दीपक के उपर अपनी पिकप चढ़ा दी थी। जिसके चलते उसकी मौत हो गई।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें