‘‘महिलाओं को अभियान में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं प्रदान करें सभी सीएचओ’’
सीएमओ ने सभी सीएचओ से कहा कि महिलाओं के उच्च रक्तचाप, मधुमेह, ओरल कैंसर, स्तन कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर, उच्च जोखिम महिलाओं की टीबी जांच के साथ ही किशोरियों और महिलाओं में एनीमिया के स्तर की जांच और उपचार अभियान का फोकस होना चाहिए। अभियान के दौरान सुनिश्चित हो कि अपने क्षेत्र की सभी गर्भवती की प्रसव पूर्व जांच हो जाए और परामर्श के साथ-साथ उन्हें एमसीपी कार्ड भी वितरित कर दिया जाए। बच्चों को नियमित टीकाकरण सेवाएं प्रदान की जाएं। इस दौरान किशोरियों और महिलाओं को मासिक धर्म स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण के सम्बन्ध में जागरूक किया जाए। इसके लिए जनजागरूकता रैलियों और अन्य गतिविधियों की आयोजन में भी सीएचओ को सक्रिय प्रतिभाग करने की आवश्यकता है।
डॉ झा ने सभी सीएचओ से कहा कि अभियान के दौरान सभी महिलाओं की आभा आईडी बनवाने का प्रयास करें। आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से अधिकाधिक महिलाओं को स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने का प्रयास किया जाना चाहिए। जिन महिलाओं को स्वास्थ्य सम्बन्धित विशेषज्ञ सेवाओं की आवश्यकता है उन्हें निकटतम चिकित्सा इकाई पर संदर्भित किया जाना चाहिए। सीएमओ ने बताया कि ई-आरोग्य पाठशाला के आयोजन में डीसीपीएम रिपुंजय पांडेय और इको-इंडिया संस्था का विशेष सहयोग रहा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें