महाना दोबारा सीपीए के सदस्य नामित, बेंगलुरु कांफ्रेंस में होंगे शामिल
लखनऊ 10 सितंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष सतीश महाना को दोबारा कॉमनवेल्थ पार्लियामेंटरी एसोसिएशन (सीपीए) इंडिया रीजन कार्यकारी समिति का सदस्य नामित किया गया है। महाना की नियुक्ति वर्ष 2025 से 2028 तक तीन वर्ष की अवधि के लिए होगी। इससे पूर्व महाना 2022 से 2025 तक सदस्य रहे हैं।
सीपीए विश्व के सर्वाधिक प्रतिष्ठित संसदीय संगठनों में से एक है, जिसका उद्देश्य संसदीय लोकतंत्र को सुदृढ़ करना और सदस्य देशों की विधानसभाओं के मध्य संवाद एवं सहयोग को बढ़ावा देना है।महाना के मीडिया सलाहकार श्रीधर अग्निहोत्री ने बताया कि सीपीए इंडिया रीजन की 11वीं कॉन्फ्रेंस 11 से 13 सितम्बर तक बेंगलुरु में होगी। इस दौरान कार्यकारी समिति की महत्वपूर्ण बैठक 11 सितम्बर रखी गई है। जिसमे सतीश महाना उत्तर प्रदेश विधान सभा की ओर से शामिल होंगे और प्रदेश विधान सभा की गरिमामयी परंपरा एवं दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करेंगे।
गौरतलब है कि महाना लगातार आठ बार विधान सभा के लिए निर्वाचित हुए हैं और विभिन्न संसदीय समितियों तथा मंत्रिमंडल में महत्त्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। विधानसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने सदन की कार्यवाही को अधिक पारदर्शी, सुचारु और संवादपरक बनाने के लिए अनेक नवाचार किए हैं। जनता से सीधा जुड़ाव, लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आस्था और निरंतर सक्रियता उनकी विशेष पहचान है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें