जीएसटी से हुयी कमायी को भाजपा सरकार क्या वापस करेगी : अखिलेश
इटावा 21 सितंबर (वार्ता) जीएसटी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार ने दस वर्षों तक भारी टैक्स के जरिए जनता को लूटने का काम किया है। सरकार बताए कि जीएसटी बढ़ाकर इतने वर्षों तक जो मुनाफा कमाया है, क्या उसे वापस करेगी।
उन्होंने कहा कि जनता भाजपा सरकार को समझ गयी है। ये पहले टैक्स बढ़ाकर ज्यादा जीएसटी ले रहे थे। अब कम करने का ढिढ़ोंरा पीट रहे हैं।इटावा में लॉयन सफारी भ्रमण के बाद मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा लॉयन सफारी का जो सपना कभी नेताजी (मुलायम सिंह यादव) और समाजवादियों ने देखा था, आज वह आगे बढ़ रहा है। इटावा लॉयन सफारी को पूरे देश में प्रसिद्धि मिल रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर दिया है। अब इस सरकार की चलाचली की बेला है। इनका समय खत्म हो रहा। भाजपा ने नौ बजटों में जनता को कुछ नहीं दिया। झूठे वादे और झूठ के अलावा कोई काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार जाने वाली है। समाजवादी सरकार आयेगी। कारोबार बढ़ेगा। नौकरी, रोजगार मिलेगा। लोगों को न्याय मिलेगा। हर वर्ग के लिए काम होगा।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को खाद, बीज, बिजली और अन्य सुविधाएं नहीं दे पा रही है। प्रदेश में खाद की कालाबाजारी हुई। खाद के लिए किसानों को लाइनें लगानी पड़ी। धरना-प्रदर्शन करना पड़ा। फिर भी डीएपी, यूरिया नहीं मिली। उन्होंने किसानो से अपील की कि जो सरकार खाद, बीज, पानी नहीं दे पा रही, फसलों की खरीद नहीं कर पा रही है। उसे हटा दें।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने मोहम्मद आजम खां साहब समेत समाजवादी पार्टी के कई नेताओं पर झूठे मुकदमे लगाए। उन्हें परेशान किया। सरकार समाजवादी पार्टी नेताओं के खिलाफ षड्यंत्र कर रही है। भाजपा सरकार एक तरफ टॉप टेन अपराधियों की सूची तक नहीं बताती वहीं दूसरी तरफ निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में जेल भेजती है। आज थाने, से लेकर हर जगह एक ही जाति के लोगों का बोलबाला है।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने उपचुनाव में बड़े पैमाने पर धांधली की। चुनाव लूट लिया। प्रशासनिक दबाव बनाकर अधिकारियों की ड्यूटी लगायी गयी। लोकसभा चुनाव में अयोध्या की जनता ने भाजपा को हराया था। मिल्कीपुर उपचुनाव जीतने के लिए भाजपा ने हर तरह के हथकंडे अपनाएं। जाति के हिसाब से पोस्टिंग की। जाति के हिसाब से मंत्री लगाए, वोट पर डकैती डाला। भाजपा के काम करने के तरीके को पूरे देश की जनता जान चुकी है। भाजपा सरकार हर मामले में असफल हो चुकी है। अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया। रुपया गिर रहा है। उन्होंने कहा कि जिस दिन मीडिया और चैनल के लोग सच बोलना शुरू कर देंगे। भाजपा सरकार की असफलताओं को बताना शुरू कर देंगे यह सरकार चली जाएगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की आर्थिक और विदेश नीति फेल हो गयी है। आज दुनिया में भारत के मित्र देशों की संख्या घट गयी है। जिन्हें अब तक भारत का मित्र देश माना जाता था वे भी व्यापार में चिढ़ा रहे हैं। भारत से व्यापार और कारोबार छीन रहे हैं। भाजपा सरकार के पास इन सवालों का जवाब नहीं है। हम सभी ने देखा कि भारतीयों को बेड़ियां और हथकड़ी लगाकर वापस भेजा गया। अपमानित किया गया। इतना अपमान भारतीयों का कभी नहीं हुआ जितना भाजपा सरकार में हुआ। अब एच-1बी वीजा पर जो पाबंदियां लग रही हैं उससे भारतीय कम्पनियों और भारतीयों को बहुत परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें