अमेरिका से साझेदारी स्वाभाविक बताने वाले मोदी, ट्रम्प की दावेदारी का सच भी बताएं : कांग्रेस
नयी दिल्ली, 10 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस ने अमेरिका के साथ साझेदारी को स्वाभाविक बताने पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आड़े हाथ लेते हुए कहा है कि यदि यह सच है तो उन्हें यह भी बताना चाहिए कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के 35 बार से ज्यादा किये गये एक ही दावे की सच्चाई क्या है।
कांग्रेस का कहना है कि श्री मोदी यदि अमेरिका के साथ भारत के रिश्ते स्वाभाविक बता रहे हैं तो राष्ट्रपति ट्रम्प को बार बार यह दावा नहीं करना चाहिए कि उन्होंने व्यापार का डर दिखाकर पाकिस्तान के साथ भारत की सैन्य कार्रवाई को रुकवाया है।पार्टी के संचार विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने बुधवार को यहां सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में श्री मोदी से सवाल करते हुए कहा "श्री मोदी ने राष्ट्रपति ट्रम्प से कहा है कि भारत और अमेरिका 'स्वाभाविक साझेदार' हैं। अब सवाल यह है-क्या ये साझेदारी इतनी स्वाभाविक है कि राष्ट्रपति ट्रम्प ने 35 से अधिक मौकों पर यह दावा किया है कि उन्होंने व्यापार को दबाव के हथियार के रूप में इस्तेमाल कर 10 मई की शाम को भारत-पाकिस्तान युद्धविराम कराया।"

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें