गोरखपुर में पिंक कार्ड का बढ़ा चलन, डीएचएस की बैठक में भी हुई चर्चा
डीएचएस की बैठक के दौरान सीडीओ ने इसके पहले की बैठक में दिये गये दिशा-निर्देशों के अनुपालन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने महिला स्वास्थ्य सम्बन्धित कार्यक्रमों को और मजबूती से चलाने का निर्देश दिया। यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी बच्चा या गर्भवती नियमित टीकाकरण से वंचित न होने पाए। महिलाओं को शत-प्रतिशत सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जाए।
इस दौरान अक्टूबर माह में प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान और दस्तक अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश दिये गये। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, एसीएमओ, डिप्टी सीएमओ और सभी ब्लॉकों के अधिकारी व कंसल्टेंट मौजूद रहे।
इससे पहले, बीआरडी मेडिकल कॉलेज में हुए आयोजन के दौरान महापौर डॉ मंगलेश श्रीवास्तव ने महिलाओं के स्वास्थ्य जांच और पिंक कार्ड की पहल को सराहा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नारी से ही सशक्त समाज की परिकल्पना संभव है। इस दिशा में स्वास्थ्य जांच शिविर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य डॉ राम कुमार जायसवाल ने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति महिलाओं में जागरूकता का स्तर बढ़ने से ही सशक्त परिवार बन सकेगा। जागरूकता बढ़ने से कई प्रकार की बीमारियों का उन्मूलन हो चुका है और आने वाले समय में गैर संचारी रोगों पर भी नियंत्रण संभव होगा।
इस दौरान कॉलेज की स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की अध्यक्ष डॉ रूमा सरकार ने स्वास्थ्य विभाग की भूमिका को सराहा और कहा कि आने वाले समय में और भी शिविर तथा जागरूकता संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
सीएमओ डॉ राजेश झा ने कहा कि पिंक कार्ड का उद्देश्य महिलाओं में ओरल कैंसर, गर्भाशय ग्रीवा कैंसर और स्तन कैंसर का पता लगा कर शीघ्र उपचार करना है। इसके जरिए महिलाओं में उच्च रक्तचाप, मधुमेह आदि स्थितियों का भी पता लगा पाना संभव हो पा रहा है।


टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें