आईआईएम लखनऊ के छात्र को मिला 3.95 लाख प्रतिमाह का पैकेज
लखनऊ 14 अक्टूबर (वार्ता) भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ ने अपने 2025-27 बैच के लिए समर प्लेसमेंट प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। इस वर्ष संस्थान ने पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम (पीजीपी) और पोस्ट ग्रेजुएट प्रोग्राम इन एग्रीबिजनेस मैनेजमेंट (पीजीपी-एबीएम) के छात्रों के लिए 580 से अधिक ऑफर सुरक्षित किए।
संस्थान की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक स्टाइपेंड 3.95 लाख रुपये प्रति माह, जबकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 2.5 लाख रुपये प्रति माह रहा। औसत स्टाइपेंड 1.67 लाख प्रति माह दर्ज किया गया, जो पिछले वर्ष के 1.43 लाख से अधिक है। वहीं मीडियन स्टाइपेंड 1.72 लाख प्रति माह रहा। बैच के शीर्ष 50 फीसदी छात्रों को औसतन 2.18 लाख प्रति माह का स्टाइपेंड मिला, जो उद्योग जगत में आईआईएम लखनऊ की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।आईआईएम लखनऊ के प्लेसमेंट चेयरपर्सन प्रो. प्रेम प्रकाश देवानी ने कहा कि इस वर्ष विविध क्षेत्रों से शीर्ष कंपनियों की भागीदारी ने संस्थान की प्रतिष्ठा को और मजबूत किया है। उन्होंने कहा, “यह सफलता आईआईएम लखनऊ की प्रतिभा और प्रशिक्षण गुणवत्ता का प्रमाण है। हम उद्योग जगत के साथ अपने संबंधों को और सुदृढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
संस्थान के 2025-27 बैच में 187 फ्रेशर्स और 345 अनुभवी प्रोफेशनल्स शामिल हैं, जिन्होंने कंसल्टिंग, फाइनेंस, मार्केटिंग, प्रोडक्ट मैनेजमेंट, ऑपरेशंस और ई-कॉमर्स जैसे विविध क्षेत्रों में अवसर प्राप्त किए।
इस बार की प्लेसमेंट प्रक्रिया की एक खास बात अदाणी समूह की भागीदारी रही, जिसने चयनित छात्रों को ट्यूशन फीस छूट के साथ आकर्षक स्टाइपेंड की पेशकश की। वहीं प्लेसमेंट के दौरान शामिल होने वाली कम्पनियों में एक्सेंचर, अमेज़न, बैन एंड कंपनी, बीसीजी, डेलॉयट, गोल्डमैन सैक्स, गूगल, एचयूएल, जेपी मॉर्गन, केपीएमजी, मैकिंजी, प्रॉक्टर एंड गैम्बल, रिलायंस, टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज़, वीज़ा जैसी बड़ी कंपनियों ने इस साल छात्रों को अवसर प्रदान किए। इसके साथ ही बार्कलेज, डी.ई. शॉ, एडलवाइस, एचएसबीसी, मॉर्गन स्टेनली, नेस्ले, क्वालकॉम, वेल्स फार्गो, शापूरजी पालोनजी, वेक्टर कंसल्टिंग जैसी नई कंपनियों ने भी पहली बार भागीदारी की।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें