6.78 लाख घरों में दी जाएगी दस्तक, खोराबार पीएचसी से हुआ अभियान का उद्घाटन

गोरखपुर। जिले में इकतीस अक्टूबर तक के लिए दस्तक अभियान का शनिवार से आगाज हो गया। इस अभियान के दौरान अग्रिम पंक्ति कार्यकर्ताओं की 4120 टीम घर-घर जाकर बीमारियों से बचाव के लिए जनजागरूकता का संदेश देंगी और विभिन्न बीमारियों तथा बुखार के वाले लक्षणों वाले मरीजों को प्रेरित कर अस्पताल भेजेंगी। मिशन शक्ति अभियान के तहत खोराबार प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र से सीएमओ डॉ राजेश झा के साथ आशा कार्यकर्ता अनु और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता मीना शर्मा ने फीता काट कर अभियान का उद्घाटन किया। सीएमओ ने अभियान का हाल जानने के लिए खोराबार ब्लॉक के जंगल सिकरी गांव का दौरा भी किया। अभियान के दौरान पूरे जिले में 6.78 लाख घरों में दस्तक देने का लक्ष्य है।
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि दस्तक के दौरान जिन घरों में पंद्रह वर्ष से कम उम्र के बच्चे हैं, वहां बुखार के प्रति जनजागरूकता के संदेश वाले स्टीकर भी लगाए जाएंगे। दस्तक की टीम घर-घर भ्रमण के दौरान बुखार, टीबी, कुष्ठ, फाइलेरिया, कुपोषण आदि के संभावित मरीजों को ढूंढ कर उनकी लाइन लिस्टिंग करेंगी और उनकी जांच करवाने में मदद करेंगी। पात्र लाभार्थियों का आयुष्मान कार्ड और आभा आईडी बनाने में मदद करेंगी। लोगों को मच्छरों और मच्छजनित बीमारियों से बचाव के तौर तरीकों के बारे में जानकारी देंगी। यह भी संदेश देंगी कि किसी भी प्रकार का बुखार होने पर नजदीकी सरकारी अस्पताल पर प्रशिक्षित चिकित्सक को ही दिखाएं।
सीएमओ ने खोराबार से अभियान के उद्घाटन के बाद जंगल सिकरी गांव में भ्रमण के दौरान दस से बारह घरों के लोगों से दस्तक के बारे में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने गांव की आशा गीता देवी और आंगनबाड़ी अनीता देवी से भी संवाद किया। इस अवसर पर एसीएमओ डॉ एके चौधरी, डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश कुमार, जिला मलेरिया अधिकारी अंगद सिंह, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ ओबैदुल हक,  सहायक मलेरिया अधिकारी प्रभात रंजन, मलेरिया इंस्पेक्टर आस्तिक पांडेय, एनएचएम सहयोगी आदिल फखर प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।

इसी क्रम में सीएमओ ने शनिवार को ही सीएचसी बेलघाट का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बेलघाट सीएचसी पर प्रस्तावित मरम्मत कार्य को लेकर अभियंता और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीएमओ ने लैब, ओपीडी, प्रसव कक्ष और फार्मेसी आदि का दौरा किया तथा गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने का निर्देश दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास