हमारी ड्यूटी है कि आम जनता पर्वों को सुरक्षित और खुशी के साथ मना सकें - एसएसपी

गोरखपुर(दुर्गेश मिश्र )। आगामी त्यौहारों धनतेरस, दीपावली और डाला छठ पूजा को शांति और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राज करन नय्यर ने गुरुवार को पुलिस लाइन स्थित व्हाइट हाउस सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि त्योहारी सीजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने कहा कि त्यौहारों के दौरान बाजारों, पूजा स्थलों, घाटों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की विशेष निगरानी रखी जाए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात करें और गश्त बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि आम जनता को सुरक्षा का अहसास कराने के लिए पुलिस की पैदल गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग निरंतर जारी रहनी चाहिए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर अभिनव त्यागी, पुलिस अधीक्षक उत्तरी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, पुलिस अधीक्षक दक्षिणी जितेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक अपराध सुधीर जायसवाल,  पुलिस अधीक्षक यातायात राजकुमार पांडेय, तथा सभी क्षेत्राधिकारी (सीओ) शामिल रहे। इनमें सीओ कैंट योगेंद्र सिंह, सीओ कोतवाली ओमकार दत्त तिवारी, सीओ गोरखनाथ रवि सिंह, सीओ कैंपियरगंज विवेक कुमार तिवारी, सीओ खजनी शिल्पी कुमारी, सीओ चौरीचौरा अनुराग सिंह, सीओ ऑफिस दीपांशी सिंह राठौर, सीओ बांसगांव अनुज सिंह, सीओ गोला दरवेश कुमार, सीओ अपराध यूपी सिंह, सीओ मंदिर रत्नेश्वर सिंह और सीओ एआईयू देवी दयाल मौजूद रहे।

एसएसपी राज करन नय्यर ने कहा कि दीपावली और छठ जैसे पर्वों पर भीड़भाड़ अधिक रहती है, इसलिए ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक यातायात को निर्देश दिया कि प्रमुख बाजारों, मंदिरों और घाटों के आसपास विशेष यातायात योजना लागू की जाए और जाम की स्थिति न बनने पाए।

एसएसपी ने सभी थानाध्यक्षों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समितियों की बैठकें कर लें, ताकि किसी भी प्रकार की गलतफहमी या विवाद की स्थिति पहले ही रोकी जा सके। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर निगरानी बढ़ाई जाए और किसी भी भ्रामक पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य त्योहारों को केवल सुरक्षित कराना नहीं, बल्कि जनता को निर्भय वातावरण प्रदान करना है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी जिम्मेदारी और तत्परता से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

बैठक में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारी, प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, शाखा प्रभारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

एसएसपी ने कहा - हर त्योहार जनता के विश्वास और सौहार्द का प्रतीक है। हमारी ड्यूटी है कि लोग इन पर्वों को सुरक्षित और खुशी के साथ मना सकें।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास