जॉगर्स पार्क में बनेगा लखनऊ का पहला ‘ग्लो गार्डेन’
लखनऊ 27 अक्टूबर (वार्ता) हरदोई रोड स्थित जॉगर्स पार्क में लखनऊ का पहला ‘ग्लो गार्डेन’ बनेगा। जहां एक तरफ गोबो इफेक्ट के माध्यम से तरह-तरह की चमकदार आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं, दूसरी तरफ पेड़, पक्षी, फूल व जानवरों के मॉडल स्थापित किये जाएंगे, जो कि खास तरह की लाइटों से लैस होंगे। रात के अंधेरे में रंग बिरंगी रोशनी में नहाये ये मॉडल आकर्षण का केन्द्र बनेंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि बसन्तकुंज योजना स्थित जॉगर्स पार्क लगभग 17.5 एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ है। उक्त पूरे क्षेत्र में यह पार्क काफी लोकप्रिय है और बड़ी संख्या में लोग यहां घूमने, खेलने और मॉर्निंग वॉक के लिए आते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए पार्क को एक खास तरह की थीम पर विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इसके अंतर्गत लगभग 10 करोड़ रूपये की लागत से पार्क में विकास कार्य कराये जाएंगे। पार्क में ग्लो गार्डेन विकसित किया जाएगा, जोकि शहर में अपनी तरह का पहला गार्डेन होगा। इसमें पशु-पक्षियों, फूल-पौधों आदि के लाइटिंग मॉडल लगाये जाएंगे। इसके अलावा कटआउट पैनल से लाइटिंग के माध्यम से गोबो इफेक्ट वाली आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। साथ ही आकर्षक डिजाइन वाली बोलार्ड लाइट्स लगाई जाएगी।
जॉगर्स पार्क में लोगों की सुविधा के लिए ओपन जिम व योगा हट बनायी जा रहा है, जिसके पास 12 योग मुद्रा वाले स्कल्पचर्स लगाये जाएंगे। वहीं, बच्चों के लिए किड्स प्ले एरिया विकसित किया जाएगा, जिसमें सुंदर डिजाइन के झूले व खेल उपकरण लगाये जाएंगे। उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि पार्क में कुल 05 वॉटर बॉडी हैं। इनमें नये फाउंटेन लगवाये जाएंगे, जोकि पार्क की सुंदरता को बढ़ाएंगे।
एलडीए उपाध्यक्ष ने बताया कि जॉगर्स पार्क में लगभग 800 मीटर लंबा जॉगिंग ट्रैक बना है। जलभराव के चलते यह जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गया है। अब इस पूरे जॉगिंग ट्रैक की मरम्मत कराकर इसे सुदृ़ढ़ करने का काम किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जॉगिंग ट्रैक की ऊंचाई बढ़ायी जाएगी, जिससे भविष्य में जलभराव की स्थिति नहीं उत्पन्न होगी। इस क्रम में पार्क के इंट्रेस प्लाजा को भी अपग्रेड किया जाएगा। साथ ही उत्तर दिशा में एक नया प्रवेश द्वार बनाया जाएगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें