यूपीएससी सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा के बाद उसकी उत्तर पुस्तिका जारी करने को तैयार
नयी दिल्ली 04 अक्टूबर (वार्ता) संघ लोक सेवा आयोग ने सिविल सेवा परीक्षा के अभ्यर्थियों को बड़ी राहत देते हुए कहा है कि वह प्रारंभिक परीक्षा के बाद उसकी उत्तर पुस्तिका जारी करने को तैयार है।
अभी आयोग सिविलि सेवा की प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिका साक्षात्कार तक के सभी चक्र पूरे होने और संपूर्ण परिणाम आने के बाद ही जारी करता है।आयोग ने इस संबंध में उच्चतम न्यायालय में दायर रिट याचिका की सुनवाई के दौरान एक हलफनामा दायर कर इस बारे में सहमति व्यक्त की है।
गत 20 सितम्बर को दायर हलफनामे में आयोग ने कहा है कि वह प्रारंभिक परीक्षा के बाद उसकी उत्तर पुस्तिका जारी कर देगा।
इससे पहले आयोग ने यह कहते हुए इसका विरोध किया था कि इसका 'प्रतिकूल' असर होगा और परीक्षा परिणामों को अंतिम रूप देने में देरी होगी।
आयोग के इस निर्णय को याचिका में उठाई गई शिकायतों के प्रभावी समाधान तथा उसके कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने वाला माना जा रहा है।
इस मामले में पिछले वर्ष एक रिट याचिका दायर की गयी थी। याचिका में प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर पुस्तिका परीक्षा के अंतिम परिणाम आने के बाद जारी किये जाने की व्यवस्था को चुनौती दी गयी थी।
अभी तक प्रारंभिक परीक्षा क्वालिफाई नहीं करने वाले अभ्यर्थियों को न तो अपने अंकों का पता चलता है और न ही मुख्य परीक्षा की पात्रता के लिए जरूरी न्यूनतम अंकों का। उन्हें यह भी नहीं पता चलता था कि वे मुख्य परीक्षा के लिए क्वालीफाई करने से कितने अंकों से चूक गये। इस तरह वह अगली परीक्षा की तैयारी भी सुव्यवस्थित तरीके से नहीं कर पाते।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें