बदले की राजनीति में विश्वास नहीं करती योगी सरकार: भाजपा
लखनऊ, 09 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई ने कहा है कि उनकी पार्टी की सरकार बदले की भावना से राजनीति करने में विश्वास नहीं करती है।
पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता मनीष शुक्ला ने कहा कि, “ उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार बदले की भावना से काम नहीं करती है। सरकार ने जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के समय में बनवाये गए पार्कों का रख रखाव किया उससे सरकार की मानसिकता समझी जा सकती है।”श्री शुक्ला ने कहा कि मायावती ही नहीं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के समय में आधे अधूरे बने आगरा लखनऊ एक्सप्रेस वे के काम को भी सरकार बनने के बाद पूरा किया गया।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राजनैतिक लाभ के लिए अखिलेश यादव ने आधे अधूरे कामों का लोकार्पण कर दिया कर दिया था।
गौरतलब है कि आज लखनऊ के रमाबाई मैदान में हुई रैली मायावती ने मुख्यमंत्री योगी की तारीफ़ की। लेकिन हैरानी की बात यह रही कि भाजपा की राजनीति को जातिवादी बताते हुए भी उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की।
उन्होंने कहा, “ मैं वर्तमान योगी आदित्यनाथ की सरकार की बहुत-बहुत आभारी हूं क्योंकि इस सरकार ने इस रमाबाई आंबेडकर मैदान को देखने आने वाले लोगों के खरीदे गए टिकटों का पैसा पूर्व की समाजवादी पार्टी की तरह दबाकर नहीं रखा। बल्कि पार्टी के आग्रह करने पर इसकी मरम्मत में खर्च किया है। योगी सरकार ने हमसे वादा किया हम टिकटों का पैसा किसी और काम में नहीं लगाएंगे, इसके रखरखाव में लगाएंगे।”
उन्होने बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए कहा कि बसपा शासनकाल में बने जिस कांशीराम स्मारक पर आप लोग अब तक श्रद्धांजलि नहीं दे पा रहे थे,क्यों कि इस स्मारक के कुछ हिस्सों की समय पर मरम्मत ही नहीं की गई थी लेकिन अब जब इसका अधिकांश हिस्सा पूरा हो गया है, तो आप लोगों ने यहां बड़ी संख्या में जुटकर अपने ही सभी पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं और लाखों की संख्या में कांशीराम को श्रद्धांजलि देने लोग इकट्ठा हुए हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें