श्री अन्न की ख़रीद के लिए तैयार योगी सरकार
लखनऊ, 01 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश सरकार आज से 'श्री अन्न” की खरीद के लिए पूरी तरह से तैयार है। अधिकारियों के मुताबिक़ श्री अन्न पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिसे काफी बढ़ावा मिला है और 2025-26 के खरीफ विपणन वर्ष में इसके एमएसपी में रिकॉर्ड 9.73 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
अधिकारियों की मानें तो यह मक्का और बाजरा सहित सभी मोटे अनाजों में सबसे अधिक है, जिनके एमएसपी में क्रमशः 7.8% और 5.71 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, “ ज्वार (हाइब्रिड) का एमएसपी 2024-25 के 3,371 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़कर 2025-26 के विपणन वर्ष में 3,699 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है। यह वृद्धि 2023-24 और 2024-25 के बीच दर्ज की गई वृद्धि से लगभग 3 प्रतिशत अंक अधिक है, जब एमएसपी 3,180 रुपये से बढ़कर 3,371 रुपये प्रति क्विंटल हो गया था।”
उन्होंने बताया कि ज्वार (मालदंडी) का एमएसपी भी 2024-25 और 2025-26 के बीच 3,421 रुपये से बढ़कर 3,749 रुपये प्रति क्विंटल हो गया है जो 9.44 प्रतिशत की वृद्धि है।
दरअसल उत्तर प्रदेश के 11 जिलों से ज्वार की खरीद प्रस्तावित है, जिनमें कानपुर (शहरी), कानपुर (ग्रामीण), जालौन, बांदा, चित्रकूट, महोबा, हमीरपुर, फतेहपुर, मिर्जापुर, उन्नाव और हरदोई शामिल हैं।
प्रमुख सचिव खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति रणवीर प्रसाद द्वारा जारी एक विस्तृत आदेश के अनुसार, “ राज्य सरकार आगामी खरीफ विपणन सत्र में, 1 अक्टूबर से 31 दिसंबर तक, 50,000 मीट्रिक टन ज्वार की खरीद करेगी। ज्वार की खरीद का लक्ष्य 2024-25 की तुलना में लगभग 74 प्रतिशत अधिक है, जब राज्य ने 28,631 मीट्रिक टन ज्वार की खरीद की थी।”
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें