भाजपा सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को बर्बाद किया: अखिलेश
लखनऊ 28 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है।
उन्होने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली को लेकर हर दिन हृदय विदारक खबरें आ रही है। भाजपा सरकार ने पूरी व्यवस्था को तहस नहस कर दिया है। इस सरकार में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है। दवाओं और अन्य जरूरी उपकरणों की सप्लाई में भारी घालमेल है। जिसका खामियाजा गरीब जनता और मरीजों को भुगतना पड़ रहा है। जिलों के अस्पतालों में कहीं संसाधन नहीं है। कहीं डॉक्टर और नर्सेज नहीं है। कहीं ऑक्सीजन प्लांट बंद है।
श्री यादव ने कहा कि राजधानी और बड़े शहरों में भी अस्पतालों में जरूरी सुविधाओं का अभाव है। मेडिकल कॉलेजों और बड़े संस्थानों में मरीजों की भारी भीड़ पहुंचती है लेकिन उन्हें पर्याप्त इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा सरकार प्रदेश के बड़े मेडिकल संस्थानों और मेडिकल कॉलेजों को जरूरी बजट नहीं दे रही है। जिलों और मंडल मुख्यालयों पर मेडिकल कॉलेज के नाम पर बिल्डिंगें खड़ी है। लेकिन वहां गंभीर मरीजों के लिए जांच और सुविधाएं नहीं है। भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के दौरान बने मेडिकल कॉलेजों और लखनऊ कैंसर संस्थान को सुचारू ढंग से नहीं चला पा रही है। सरकार की लापरवाही और अकर्मण्यता से मरीज और तीमारदार बेबस है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आने के बाद 108 और 102 एम्बुलेंस सेवा को पूरी तरह से पंगु बना दिया है। हालत यह हो गयी है कि प्रसूताओं को भी एम्बुलेंस सेवा नहीं मिल पा रही है। तीमारदार प्रसूताओं को कहीं अपने साधनों तो कहीं बैलगाड़ी से ले जाने पर मजबूर है। सरकार के नाक के नीचे घटिया और जानलेवा सिरप की आपूर्ति हुई। स्वास्थ्य मंत्रालय और सरकार चुप्पी साधे रही। प्रदेश में भाजपाई भष्टाचार लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहा है।
श्री यादव ने कहा कि वे मजबूरी में निजी अस्पतालों में जाने पर मजबूर है। भाजपा सरकार जनता को आवश्यक सुविधाएं, स्वास्थ्य, बिजली, शिक्षा, किसान को खाद, बीज समय से उपलब्ध करा पाने में नाकाम है। भाजपा समाज में नफरत फैलाकर जनता का ध्यान भटकाने को ही अपनी उपलब्धि मानती है।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें