न्यायपालिका से लेकर प्रेस की आजादी तक सबसे ज्यादा हमले अखिलेश सरकार में हुये: पाठक
हरदाेई 10 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि 2017 से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार में न्यायपालिका और प्रेस की आजादी तक सबसे ज्यादा हमले हुये।
श्री पाठक के पिता स्व डॉ सुरेश पाठक की स्मृति में मल्लावां कस्बे में विशाल करवाचौथ दंगल का आयोजन किया गया था। इस अवसर पर पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होने विपक्ष पर करारा प्रहार किया, वहीं खेल और खिलाड़ियों को लेकर बड़ा बयान भी दिया। उन्होने कहा “ अखिलेश खुद बताए कि जब वो सत्ता में थे,तब न्यायपालिका से लेकर प्रेस की आज़ादी तक पर सबसे ज्यादा हमले हुए। ” ब्रजेश पाठक से सवाल किया गया था कि अखिलेश यादव का स्टेटमेंट है कि सरकार संविधान को खत्म कर रही है आरक्षण को बचाने के लिए संघर्ष करना चाहिए। उन्होने कहा “समाजवादी पार्टी के लोगों से पूछिए, चाहे न्यायपालिका हो, चाहे कार्यपालिका हो। प्रेस की आजादी पर हमला, समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में ही हुआ है। ”प्रियंका गांधी के सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर दलितों के साथ अत्याचार को लेकर की गई पोस्ट के सवाल को बृजेश पाठक टालते हुए नजर आए। उन्होंने बिना पूरा सवाल सुने चार बार एक ही बात दोहराते हुए कहा “ हमारी सरकार पूरी तरह से कानून व्यवस्था को मेंटेन करेगी, जो भी दोषी होगा कड़ी कार्रवाई होगी।”
कार्यक्रम में मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने कहा “ हमारी सरकार खेलों को आगे बढ़ा रही है हम सब जानते हैं कि पहले भी देश में खिलाड़ी होते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने तय किया ओलंपिक, एशियन गेम्स हर जगह अंतर्राष्ट्रीय खेलों में अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में हमारे देश का खिलाड़ी जाता है तो हम लोग स्वयं उसका स्वागत करेंगे और स्वागत करने के साथ ही खेलों के लिए हम पर्याप्त बजट एलाट करेंगे। प्रदेश सरकार ने खेल का बजट दोगुने से भी अधिक किया है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उनकाे अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधा प्रदान की है। रेसलिंग और कुश्ती के खेल में अभूतपूर्व काम अपने देश में हुआ है।”
.jpg)
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें