डीटीएफ बैठक में हुई अभियान की समीक्षा, सीएमओ ने भटहट सीएचसी का किया औचक निरीक्षण
सीएमओ डॉ झा ने बताया कि पांच अक्टूबर से एक माह तक प्रस्तावित विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान में बारह विभाग और सहयोगी संस्थाएं आपसी समन्वय बना कर काम करेंगे। अभियान में मच्छर नियंत्रण गतिविधियां, साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, सुकरबाड़ों का प्रबन्धन और कृतक नियंत्रण सहित वह सभी गतिविधियां और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे जिनसे संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण हो सके। मानसूनी बारिश के बाद डेंगू, मलेरिया और इंसेफेलाइटिस सहित कई अन्य संचारी रोगों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह अभियान समुदाय की सेहत के दृष्टिकोण से काफी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इससे पहले, भटहट सीएचसी पहुंचे सीएमओ को तीन चिकित्सक और छह कर्मचारी अनुपस्थित मिले। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी अनुपस्थित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा जाए। जब तक स्पष्टीकरण न मिले जाए अनुपस्थित लोगों का वेतन बाधित किया जाए। इससे पहले जैनपुर आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सीएमओ ने लाभार्थियों और एएनएम से प्रदान की जा रही सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि छाया मॉडल वीएचएसएनडी सत्र का लाभ अधिकाधिक बच्चों और गर्भवती को मिल सके, इसके लिए पूरे गांव में प्रचार-प्रसार करवाने की आवश्यकता है। उन्होंने एएनएम को आशा और आंगनबाड़ी के साथ खुद भी गांव भ्रमण का निर्देश दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें