भाजपा के शासन में पूरा सरकारी तंत्र भ्रष्ट-अखिलेश यादव

लखनऊ, 05 अक्टूबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में पूरा सरकारी तंत्र भ्रष्ट हो गया है और अधिकारी एवं नेता मिलकर प्रदेश की जनता को लूट रहे हैं।

श्री यादव ने रविवार को जारी बयान में कहा कि बजट का बंदरबांट और जनता के धन का दुरुपयोग आम बात हो गई है। उन्होंने कहा कि ''भाजपा सरकार प्रदेश को खोखला बना रही है, शासन-प्रशासन पर सरकार का नियंत्रण खत्म हो चुका है, पूरी सरकार में बेईमानी और भ्रष्टाचार का बोलबाला है।''
उन्होंने जीएसटी विभाग के अधिकारियों के भ्रष्टाचार के हालिया खुलासे को भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली का उदाहरण बताते हुए कहा कि इन अधिकारियों ने सैकड़ों करोड़ रुपये की काली कमाई कर जमीनों की अवैध खरीद-फरोख्त की है और यह सब सरकार की मिलीभगत से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि अयोध्या, गोरखपुर, वाराणसी समेत कई जिलों में भाजपा समर्थकों ने अवैध रजिस्ट्रियां कर करोड़ों रुपये का मुनाफा कमाया, जबकि गरीब जनता महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में अवैध खनन, सरकारी जमीनों पर कब्जा और जानवरों के अवैध व्यापार को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुकी हैं। कई जिलों में पानी की टंकियां और पाइपलाइनें फट गईं, जबकि सड़कों के गड्ढामुक्त अभियान में भी भारी घपले हुए हैं।
श्री यादव ने कहा कि ''भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी से जनता त्रस्त हो चुकी है। 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को सत्ता से बेदखल कर इस भ्रष्टाचार और अत्याचार से मुक्ति पाएगी।''

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास