गोरखपुर डीएम दीपक मीणा ने एसडीएम के स्थानांतरण के दिए निर्देश

खजनी/गोरखपुर(दुर्गेश मिश्र)। जिलाधिकारी दीपक मीणा ने खजनी तहसील मुख्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने उप जिलाधिकारी राजेश प्रताप सिंह की कार्यशैली पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। जिलाधिकारी ने छठ पूजा के बाद एसडीएम के स्थानांतरण के निर्देश दिए, साथ ही अपने ओएसडी को उन्हें हटाने का आदेश भी दिया। यह कार्रवाई लंबित मुकदमों और लापरवाही को देखते हुए की गई।

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में चल रहे कर्मचारी आवासों के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने बीआरसी कार्यालय और कंपोजिट विद्यालय रुद्रपुर खजनी परिसर में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के तहत बन रहे इंटरमीडिएट स्तर के नए विद्यालय भवन के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। संबंधित विभागों को निर्माण कार्य की गति तेज करने के निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त, जिलाधिकारी ने भरोहियां गांव के प्राचीन जयेश्वर नाथ शिव मंदिर परिसर स्थित तालाब के छठ घाटों और उनवल नगर पंचायत के नीलकंठ शिव मंदिर परिसर के तालाब पर बने छठ घाटों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था, गहरे पानी वाले घाटों पर तैराकों और एसडीआरएफ टीम की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। छोटे बच्चों, बीमार और बुजुर्ग महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने की हिदायत भी दी गई।

सूत्रों के अनुसार, जिलाधिकारी की सख्त हिदायत के बाद तहसील क्षेत्र में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में तेजी आई है। जिलाधिकारी के आदेशों का तत्काल अनुपालन शुरू हो गया। तहसील क्षेत्र के अधिकारियों ने देर शाम तक स्वयं उपस्थित रहकर छठ घाटों पर व्यवस्थाएं दुरुस्त कराईं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास