एक दीया राम के नाम: पर्यटन विभाग ने शुरू किए तीन पैकेज
लखनऊ 13 अक्टूबर (वार्ता) भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या एक बार फिर दिव्यता और भक्ति के आलोक में जगमगाने को तैयार है। आगामी दीपोत्सव-2025 की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस वर्ष के आयोजन में 26 लाख से अधिक दीपों का प्रज्ज्वलन और 2100 श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक महाआरती के साथ दो नए विश्व कीर्तिमान स्थापित किए जाएंगे।
पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि इस वर्ष दीपोत्सव को वैश्विक स्वरूप देने के उद्देश्य से ‘एक दीया राम के नाम’ ऑनलाइन अभियान शुरू किया गया है। श्रद्धालु अब ऑनलाइन माध्यम से पंजीकरण कर वर्चुअल दीप प्रज्ज्वलित कर सकेंगे और प्रभु श्रीराम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित कर पाएंगे।उन्होंने बताया कि दिव्य अयोध्या ऐप के माध्यम से विश्वभर से भक्त डिजिटल दीप जलाकर इस पावन उत्सव में सहभागी बन सकते हैं। ऐप पर तीन विशेष पैकेज उपलब्ध कराए गए हैं। जिनमे पहला राम ज्योति पैकेज (2100) है। इसमें रोली, सरयू जल (पीतल के लोटे में), अयोध्या रज, रामदाना, मिश्री, रक्षा सूत्र, हनुमान गढ़ी के लड्डू और चरण पादुका (खड़ाऊ) जैसे आठ पवित्र घटक शामिल है। ऑनलाइन संकल्प पूर्ण करने पर यह पवित्र प्रसाद सीधे श्रद्धालुओं के घर भेजा जाएगा।
सीता ज्योति पैकेज (1100) माता सीता को समर्पित इस पैकेज में रोली, सरयू जल, रामदाना, रक्षा सूत्र और हनुमान गढ़ी के लड्डू शामिल है। इसी तरह लक्ष्मण ज्योति पैकेज (501) में रोली, अयोध्या रज, रामदाना, रक्षा सूत्र और मिश्री शामिल है।
जयवीर सिंह ने कहा कि “श्रीरामजन्मभूमि प्राण प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अनेक भक्त जो यहां नहीं आ पाते, वे अब इस डिजिटल पहल के माध्यम से दीपोत्सव में सहभागी बन सकेंगे।”
उन्होंने बताया कि दिव्य अयोध्या ऐप न केवल वर्चुअल पूजा का माध्यम है, बल्कि यह पर्यटकों को होटल, होम स्टे, टैक्सी बुकिंग, गाइडेड टूर और धार्मिक स्थलों की जानकारी जैसी सुविधाएं भी एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराता है।
गौरतलब है कि यह ऐप अयोध्या होम स्टे परियोजना के अंतर्गत विकसित किया गया है और इसका उद्देश्य तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के अनुभव को और अधिक उत्कृष्ट बनाना है। श्रद्धालु गूगल प्ले स्टोर से दिव्य अयोध्या ऐप डाउनलोड कर सकते हैं या वेबसाइट के माध्यम से भी पंजीकरण कर सकते हैं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें