उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने जारी किया त्रैमासिक परीक्षा कैलेंडर
लखनऊ 24 अक्टूबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने आगामी लिखित एवं टंकण परीक्षाओं का नया कैलेंडर जारी किया है। यह कैलेंडर एक नवंबर 2025 से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित होने वाली परीक्षाओं के लिए जारी किया गया है।
कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा (2021/09) की टंकण परीक्षा 22 नवंबर को होगी, जबकि सोशल वेलफेयर कनिष्ठ सहायक स्तर-3 मुख्य परीक्षा (2022/07) की टंकण परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर तक चलेगी। अगले वर्ष 11 जनवरी 2026 को महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता मुख्य परीक्षा (2023/11) सुबह 10 से 12 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद 18 जनवरी 2026 को औद्योगिक मुख्य परीक्षा (2023/13) और 1 फरवरी 2026 को कनिष्ठ सहायक मुख्य परीक्षा (2023/12) होगी।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि विशेष परिस्थितियों में परीक्षा तिथियों में परिवर्तन किया जा सकता है। परीक्षाओं के विस्तृत कार्यक्रम, परीक्षा केंद्र और प्रवेश पत्र से संबंधित जानकारी समय पर आयोग की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें