लखनऊ में आतंकी मॉड्यूल पर बड़ी कार्रवाई, महिला डॉक्टर गिरफ्तार, एके-47 बरामद

लखनऊ 10 नवम्बर (वार्ता) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आतंकवाद के खिलाफ चलाए जा रहे बड़े अभियान के तहत सोमवार को लखनऊ से एक महिला डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिला की पहचान डॉ. शाहीन शाहिद के रूप में हुई है।

महिला लखनऊ के लालबाग इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस ने उनकी कार से एके-47 राइफल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस, हरियाणा पुलिस और केंद्रीय खुफिया एजेंसियों के संयुक्त अभियान के दौरान हुई है। जांच में सामने आया है कि महिला डॉक्टर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गज़वत-उल-हिंद से जुड़े एक सक्रिय आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा थीं।
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि हरियाणा के फरीदाबाद में गिरफ्तार अल फलाह विश्वविद्यालय के डॉक्टर मुजम्मिल इसी मॉड्यूल से जुड़ा हुआ था और वही डॉ. शाहीन शाहिद की कार का इस्तेमाल करता था। इससे पहले, फरीदाबाद में चलाए गए ऑपरेशन में पुलिस ने 2900 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री बरामद की थी, जिसमें अमोनियम नाइट्रेट, पोटैशियम नाइट्रेट और सल्फर शामिल थे। इनके अलावा हथियार, रिमोट कंट्रोल, टाइमर और विस्फोटक बनाने के उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
अभी तक की जांच में यह साफ हुआ है कि इस मॉड्यूल में पेशेवर डॉक्टरों और छात्रों का एक नेटवर्क सक्रिय था, जो आतंकवाद को “व्हाइट कॉलर टेरर इकोसिस्टम” के रूप में संचालित कर रहा था। ये लोग पाकिस्तान और अन्य देशों में बैठे अपने विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे और देश में आतंकी गतिविधियों की साजिश रच रहे थे।
फिलहाल जम्मू-कश्मीर पुलिस ने डॉ. शाहीन शाहिद को आगे की पूछताछ के लिये श्रीनगर स्थानांतरित कर दिया है। लखनऊ में इस गिरफ्तारी के बाद खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है।
सतीश प्रदीप

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास