एग्जिट पोल और टीवी चैनलों का इस्तेमाल नैरेटिव सेट करने के लिए करती है भाजपा : अखिलेश

लखनऊ 12 नवम्बर (वार्ता) बिहार चुनाव को लेकर एग्जिट पोल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बढ़त दिखाए जाने से खफा समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि एग्जिट पोल केवल भूमिका बनाते हैं ताकि बेईमानी की जा सके।

श्री यादव ने बुधवार को यहां पत्रकारों से कहा “ हमें और आपको मानना पड़ेगा कि भाजपा एग्जिट पोल और टीवी चैनलों का इस्तेमाल नैरेटिव सेट करने के लिए करती है। भाजपा नकल करने में बहुत आगे है, लेकिन कुछ नया और जनहित का करने में पूरी तरह असफल रही है। भाजपा बस प्रचार करने में लगी है। कभी वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट बताएंगे, कभी कहेंगे कि यूनेस्को ने किसी चीज़ का नाम दर्ज कर लिया। लेकिन लखनऊ की असली पहचान और यहां के प्रसिद्ध खान-पान के बारे में कुछ नहीं बताएंगे।”
उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की समस्याओं पर मौन है और मंडियों की स्थिति सुधारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। “जब सरकार बोलती है, तो बस कम्युनल बातें करती है। किसानों, नौजवानों, बेरोजगारी या महंगाई पर कोई चर्चा नहीं होती"।
अखिलेश यादव ने कहा कि देश की नई पीढ़ी सबको साथ लेकर चलना चाहती है। वह दोस्ताना व्यवहार रखती है, हर धर्म के प्रति सहिष्णु है और पर्यावरण की चिंता करती है लेकिन यह सरकार खुद भी दुखी है और लोगों को भी दुखी रखना चाहती है। अगर यह सच में विकास चाहती तो एक्सप्रेस-वे को बलिया तक जोड़ देती।
उन्होने कहा, “सरकार स्वदेशी का चूर्ण खिला रही है। ये लोग मन से विदेशी हैं। अगर सच्चे स्वदेशी होते तो चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगाते। किसानों के नाम पर योजनाएं सिर्फ डिजिटल कागजों में बन रही हैं, जमीन पर कुछ नहीं है। किसानों की जमीन, खाद और मेहनत सब लूटी जा रही है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भूटान दौरे पर दिए बयान को लेकर भी अखिलेश यादव ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री कहते हैं कि दोषियों पर कार्रवाई होगी, लेकिन बार-बार इंटेलिजेंस फेल्योर क्यों हो रहा है। इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा।”

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास