दिल्ली बम धमाका के बाद गोरखपुर में हाई अलर्ट, बढ़ाई गई चेकिंग
एसएसपी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों, पर्यटन स्थलों, रामगढ़ताल, गोरखनाथ मंदिर, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, होटलों और मॉलों में संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और वाहनों की कड़ी जांच की जा रही है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि पुलिस द्वारा की जा रही चेकिंग में जनसहयोग दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।
एसएसपी राजकरन नय्यर ने कहा — “जनपद की सुरक्षा हम सबकी साझा जिम्मेदारी है। पुलिस हर स्तर पर सक्रिय है, लेकिन नागरिकों का सहयोग हमें और अधिक सक्षम बनाएगा।”
14 थाने चिन्हित — दुर्घटनाओं के कारणों की पड़ताल करेगी विशेष टीम
सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती घटनाओं को ध्यान में रखते हुए एसएसपी ने जनपद के 14 थानों को दुर्घटना प्रभावित थाना क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया है।
उन्होंने बताया कि एक विशेष टीम का गठन किया जा रहा है जो इन क्षेत्रों में जाकर दुर्घटनाओं के वास्तविक कारणों की जांच करेगी — चाहे वह कोहरा, सड़क डिजाइन, संकेतक की कमी या अंधेरा ही क्यों न हो।
एसएसपी ने कहा कि “हम स्थायी समाधान के लिए एक रोडमैप तैयार कर रहे हैं ताकि सड़क सुरक्षा को दीर्घकालिक रूप से सुदृढ़ किया जा सके।”
रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर लगाए जाएंगे
जिन स्थानों पर गांव या मोहल्ले की गलियां मुख्य मार्ग से मिलती हैं, वहां रिफ्लेक्टर और इंडिकेटर लगाए जाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि रात या कोहरे में वाहन चालक पहले से सावधान हो सकें और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो।
ट्रैफिक विभाग को मिले 88 अतिरिक्त जवान
शहर में बढ़ते यातायात दबाव और कोहरे के मौसम को देखते हुए एसएसपी ने ट्रैफिक विभाग को 88 अतिरिक्त जवान उपलब्ध कराए हैं, जो पहले से तैनात बल के अतिरिक्त रहेंगे।
इन जवानों को मुख्य चौराहों, व्यस्त बाजार क्षेत्रों और दुर्घटना संभावित स्थलों पर तैनात किया जाएगा, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू और सुरक्षित बनी रहे।
एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों से कहा कि रात्रि गश्त, पेट्रोलिंग और नाका चेकिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि सुरक्षा और ट्रैफिक दोनों मोर्चों पर बेहतर नियंत्रण बना रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें