आत्मनिर्भर भारत के लिए हर व्यक्ति को लेना होगा स्वदेशी का संकल्प: गिरीश चंद्र यादव
श्री यादव ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा कार्यलय में प्रोफेशनल मीट (सम्मेलन) में शानिवार को कहा कि वही देश आत्मनिर्भर होते हैं , जहां के नागरिक के स्वदेशी का प्रयोग करते हैं। हम सभी को अपने व्यवहार में स्वदेशी के प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए। आत्मनिर्भर रहते हुए स्वदेशी वस्तुओं का उपयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत एक कृषि प्रधान देश है और किसानों को भी आत्मनिर्भर बनना होगा और बनाना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नीतियों ने देश को पीछे धकेला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता के पायदान पर आगे बढ़ रहा है। आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को सशक्त बनाने में प्रोफेशनल वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्वदेशी बढ़ेगा तो हमारी जीडीपी बढ़ेगी और देश आगे बढ़ेगा। आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल के नारे ''एक भारत श्रेष्ठ भारत आत्मनिर्भर भारत" जोड़कर देश को आगे बढ़ने की जरूरत है।
खेल मंत्री ने कहा कि विश्वगुरु और समृद्धशाली बनने के लिए हमें हर हाल में स्वदेशी को बढ़ावा देना ही होगा। कोरोना में भारत ने पूरे विश्व में स्वदेशी वैक्सीन की आपूर्ति की ये भारत की आत्मनिर्भरता का एक प्रमाण है। चूंकि प्रबुद्ध वर्ग समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखता है इसलिए आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी इस वर्ग पर है।
भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के मार्ग पर वोकल फॉर लोकल एक सशक्त माध्यम है। आज दुनिया भारत की आत्मनिर्भरता देख रही है। 70 सालों तक कांग्रेस ने देश को आत्मनिर्भर नहीं बल्कि विदेशी मानसिकता की गुलामी की जंजीरों में जकड़े रखा। आज भाजपा सरकार में समाज का हर वर्ग आत्मनिर्भर बन रहा है। देश के युवाओं और महिलाओं ने इस दिशा में कई उल्लेखनीय कार्य किए हैं। कई महिला समूहों ने आत्मनिर्भरता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए कई सम्मान हासिल किए हैं। युवाओं को ऐसी क्षमता विकसित करनी चाहिए कि वे नौकरी करने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले बनें। श्री गुप्ता ने कहा कि समाज व व्यक्ति को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र व प्रदेश सरकार की कई योजनाएं चल रही हैं।
इस अवसर पर शहर उत्तरी विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी , चिकित्सा प्रकोष्ठ के महानगर संयोजक डॉ पीयूष दीक्षित , महापौर गणेश केसरवानी , काशी क्षेत्र महामंत्री संतोष पटेल , विनोद प्रजापति , प्रवक्ता पवन श्रीवास्तव , सह मीडिया प्रभारी विवेक मिश्रा आदि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व प्रोफेशनल्स शामिल रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें