माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए: योगी
पश्चिमी चंपारण, 6 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए। जब भी इन्हें सत्ता का स्वाद चखाओ तो कीमत चुकनी पड़ेगी।
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के लिये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के लिये चुनाव प्रचार करने पहुंचे योगी ने गुरुवार को कहा कि बिहार बदलकर समृद्धि की तरफ बढ़ा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल में 1990 से 2005 के मध्य 60 से अधिक जातीय नरसंहार व अपहरण की 30 हजार घटनाएं हुईं। उस समय इंजीनियर, डॉक्टर, बच्चे, व्यापारी के साथ ही सड़क, पुल का भी अपहरण हो जाता था। पेशेवर माफिया व अपराधी इनके शागिर्द बनते थे। यूपी में माफिया को अब बुलडोजर से रौंद दिया गया है।गुरुवार को दूसरी रैली में उन्होंने पूर्व उप मुख्यमंत्री व बेतिया विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार रेणु देवी के लिए कमल खिलाने की अपील की। यहां जनसभा में योगी आदित्यनाथ ने केंद्र सरकार की योजनाओं को गिनाया तो कांग्रेस व राजद गठबंधन पर करारा प्रहार किया और विपक्षी प्रत्याशियों की जमानत जब्त कराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज पहले चरण की 121 विधानसभा सीटों पर वोटिंग हो रही है। नौजवान, किसान, श्रमिक, माताएं, बहनें, युवा सभी राजग को वोट दे रहे हैं। रुझान बता रहा कि 14 नवंबर को परिणाम आने पर राजग सरकार का नारा फिर बुलंद होगा।
उन्होने कहा कि उत्तर प्रदेश में इनके पार्टनर सपा व कांग्रेस माफिया को गले लगाकर चलती थी और जनता का शोषण करती थी। हमने कहा कि यह नहीं चलेगा। आज यूपी में नौजवान को नौकरी, रोजगार, शिक्षा, बहन-बेटियों को सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन है। वहां युवा मस्त व माफिया पस्त है। यूपी में माफिया को बुलडोजर से रौंद दिया गया है।
योगी ने कहा “ लखनऊ में डीजीपी आवास के सामने दुर्दांत माफिया ने गरीबों की जमीनों पर कब्जा करके हवेली बनाई थी। एक दिन मैंने कहा कि इसे कब्जे में ले लो। मैं बताऊंगा कि क्या करना है। फिर कब्जे में लेकर उस हवेली पर बुलडोजर चलवाया गया। वहां हमने गरीबों के लिए 72 आवास बनाकर उन्हें चाबी सौंपी। यही काम प्रयागराज में भी किया। माफिया व अपराधियों को सत्ता का स्वाद नहीं चखने देना चाहिए। जब भी इन्हें सत्ता का स्वाद चखाओ तो इसकी कीमत चुकाओगे।”

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें