योगी ने किया माघ मेला सफल होने के लिए गंगा पूजन
प्रयागराज , 22 नवम्बर (वार्ता ) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रयागराज पहुँचकर मेला क्षेत्र में स्टीमर से माघ मेले की तैयारियों को जायजा लिया और साथ ही साइबेरियन पक्षियों को दाना खिलाया।
श्री योगी ने 11 ब्राह्मणों के मंत्रोच्चार के बीच संगम नोज पर गंगा पूजन किया। मां गंगा को दूध अर्पित किया। मुख्यमंत्री आज सुबह 10 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से सबसे पहले योगी सिविल लाइंस के होटल कान्हा-श्याम पहुंचे। यहां उच्च न्यायालय के सीनियर न्यायाधीश एम.सी. त्रिपाठी की बेटी के शादी कार्यक्रम में शामिल हुए। योगी ने दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद दिया। करीब 30 मिनट तक कार्यक्रम में रुकने के बाद भाजपा विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी के घर पहुंचे। यहां पास में ही बनाए गए एक मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में शामिल हुए। हनुमान जी की पूजा-अर्चना की। यहां से सीधे मुख्यमंत्री माघ मेला क्षेत्र पहुंचे।
इससे पहले मुख्यमंत्री 31 मई को प्रयागराज आये थे। इलाहाबाद उच्च न्यायालय परिसर में अधिवक्ता चैंबर और मल्टीलेवल पार्किंग भवन का उद्घाटन किया था। महाकुंभ के बाद यह पहला माघ मेला है।
योगी सरकार की तैयारी माघ मेले को भी भव्य बनाने की है। मुख्यमंत्री हनुमान मंदिर में पूजन करने के बाद अभी मेला से जुड़े अधिकारियों के साथ आई ट्रिपलसी सभागार में समीक्षा बैठक कर रहे है। सभी अधिकारियों को निर्देश भी दिया कि जल्द से जल्द मेला से जुड़े सभी कार्य शीघ्र पूरे करे।
श्री योगी के साथ उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता के साथ जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह भी मौजूद रहे ।
टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें