योगी ने मुंबई आतंकी हमले में शहीद हुए लोगों को किया नमन

लखनऊ, 26 नवंबर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुंबई में 26/11 के आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हुए इस हमले में शहीद हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की है। श्री योगी ने कहा है कि देश उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा।

मुख्यमंत्री ने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा है, " मुंबई में 26/11 के कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले में बलिदान हुए सभी निर्दोष नागरिकों और वीर सुरक्षाकर्मियों को विनम्र श्रद्धांजलि।"
उन्होंने कहा है कि राष्ट्र उनके बलिदान को कभी नहीं भूलेगा। नया भारत आतंकवाद के हर रूप के निर्मूलन के लिए एकजुट है।
गौरतलब है कि 26 नवंबर 2008 को लश्कर-ए-तैयबा के प्रशिक्षित और भारी हथियारों से लैस आतंकवादियों ने मुंबई के कई जगहों और प्रतिष्ठित इमारतों पर हमला किया था, यह चार दिन तक चला। मुंबई हमलों में 160 से अधिक लोगों की जान गयी थी। वर्ष 2008 में 26 नवंबर की उस रात को एकाएक मुंबई गोलियों की आवाज़ से दहल उठी। हमलावरों ने मुंबई के दो पाँच सितारा होटलों, एक अस्पताल, रेलवे स्टेशनों और एक यहूदी केंद्र को निशाना बनाया था।
शुरू में किसी को अंदाज़ा नहीं था कि इतना बड़ा हमला हुआ है लेकिन धीरे-धीरे इस हमले के पैमाने और संजीदगी का अनुमान होना शुरू हुआ। 26 नवंबर की रात में ही आतंकवाद निरोधक दस्ते के प्रमुख हेमंत करकरे समेत मुंबई पुलिस के कई आला अधिकारी भी इस हमले में शहीद हो गये थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास