बड़ी सोच के साथ मुलायम ने की थी नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना : अखिलेश
लखनऊ 03 नवम्बर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जिस बड़ी सोच के साथ राम मनोहर लोहिया नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी की स्थापना की थी, वह आज सार्थक होती दिखाई दे रही है। यह विश्वविद्यालय अब ऐसे योग्य और संवेदनशील युवा विधिवेत्ताओं को तैयार कर रहा है, जो अपने ज्ञान का उपयोग समाज की भलाई और न्याय की स्थापना के लिए करना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि “सामाजिक न्याय का राज” समाजवादी पार्टी का बड़ा संकल्प है, जिसे पूरा करने में ऐसे ही युवाओं की भूमिका अहम होगी, जो अपने पेशे को सिर्फ करियर नहीं बल्कि समाजसेवा का माध्यम मानते हैं। अखिलेश यादव ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि नेताजी के सपनों का भारत तभी बनेगा, जब न्याय के साथ समान अवसर और संवेदनशील शासन स्थापित होगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें