संयुक्त सचिव ने एम्स गोरखपुर और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय को सराहा
एम्स गोरखपुर की कार्यकारी निदेशक सेवानिवृत्त मेजर जनरल डॉ विभा दत्ता, कम्युनिटी एंड प्रिवेंटिव मेडिसिन डिपार्टमेंट के हेड डॉ आनंद मोहन दीक्षित और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ राजेश झा ने संयुक्त सचिव का डुमरी न्यू पीएचसी पर स्वागत किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि एम्स गोरखपुर के सहयोग से वहां पर लोगों के लिए ओपीडी चलाई जा रही है। साथ ही एम्स के इंटर्न की हैंडहोल्डिंग भी की जाती है। इससे समुदाय को तो लाभ मिल ही रहा है, सामुदायिक अध्ययन करने में भी मदद मिल रही है। संयुक्त सचिव ने ओपीडी कक्ष, जननी सुरक्षा वार्ड, फार्मेसी, लैब, वार्ड और ट्रेनिंग हॉल को देखा। साथ ही वहां मौजूद अधिकारियों, कर्मचारियों, चिकित्सकों और इंटर्न से बातचीत की। उन्होंने न्यू पीएचसी पर उपलब्ध सुविधाओं और सेवाओं को देखते हुए संतोष जताया और कहा कि यह देख कर तथा सुन कर अच्छा लगा कि केन्द्र सरकार के धन का सदुपयोग हो रहा है।
संयुक्त सचिव को सीएमओ डॉ झा ने पिंक कार्ड अभियान के बारे में जानकारी दी और कहा कि इससे महिलाओं की हेल्थ स्क्रिनिंग की जा रही है। यह अभियान ‘‘स्वस्थ नारी,सशक्त परिवार’’ अभियान के दौरान शुरू किया गया था। इस कार्य में एम्स गोरखपुर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संयुक्त सचिव ने इसे सराहनीय कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि सर्वाइकल कैंसर और ब्रेस्ट कैंसर की रोकथाम में यह अभियान मददगार बनेगा। इस अवसर पर सरदारनगर पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ हरिओम पांडेय, एम्स गोरखपुर से डॉ रामरथ, डॉ प्रदीप खारया, ग्राम प्रधान अच्छे लाल सहित स्टॉफ नर्स, एएनएम, आशा और सीएचओ प्रमुख तौर पर मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें