बिहार में अगली सरकार इंडिया की,तेजस्वी होंगे मुख्यमंत्री : अखिलेश

लखनऊ 05 नवंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भरोसा जताया कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी जिसके मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन प्रत्याशियों के समर्थन में श्री यादव ने बुधवार को चार चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया जिसमें नवादा में कौशल यादव, जमुई से प्रत्याशी शमशाद आलम, बांका जिला के बेलहार विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी चाणक्य प्रकाश और भागलपुर के नाथनगर विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी शेख जियाउल हसन शामिल है।

श्री यादव ने कहा कि पूरे बिहार में इंडिया गठबंधन के पक्ष में बदलाव की बयार चल रही है। पूरा देश बिहार की तरफ देख रहा है। बिहार की जनता ने हमेशा देश को संदेश देने का काम किया है। बिहार में सरकार बदलेगी। इंडिया गठबंधन की सरकार बनेगी। श्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। बिहार की जनता इस बार नौजवान मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। नयी सरकार में नौजवानों को नौकरी और रोजगार मिलेगा। उन्होने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एजेंडे में नौकरी और रोजगार नहीं है। भाजपा की प्राथमिकता में किसान, नौजवान नहीं है। भाजपा ने किसानों, नौजवानों को धोखा दिया है। इस चुनाव में बिहार की जनता केंद्र की भाजपा के सरकार के 10 साल और प्रदेश की राजग सरकार के 20 सालों का हिसाब देगी। बिहार में भाजपा को 30 सालों की सरकार का हिसाब देना है। भाजपा ने बिहार को महंगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और पलायन के अलावा कुछ नहीं दिया है। भाजपा ने बिहार के बजट की लूट की है। भ्रष्टाचार और लूट के पैसे को बंडल बनाकर बिहार से बाहर भेज दिया। बिहार का बजट और बिहार का पैसा बिहार में खर्च होना चाहिए। बिहार के विकास पर खर्च होना चाहिए। बिहार तभी होगा जब भाजपा सत्ता से हटेगी। बिहार से भाजपा का बंडलराज खत्म करना है।
श्री यादव ने कहा कि बिहार के चुनाव में जनता के बीच तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनने को लेकर विशेष उत्साह है। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। सामाजिक न्याय के राज की स्थापना करेंगे। सभी को नौकरी और रोजगार मिलेगा, सभी को सम्मान और न्याय मिलेगा। हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। बिहार में कानून का शासन होगा। भाजपा जब से सरकार में आई है उसने महंगाई और बेरोजगारी को बहुत बढ़ा दिया है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास