श्रीराम मंदिर पर ध्वजारोहण को लेकर श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने साझा किया भावनात्मक संदेश

अयोध्या, 25 नवंबर (वार्ता) श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने मंगलवार को ध्वजारोहण समारोह से पहले प्रभु श्रीराम को समर्पित एक भावनात्मक संदेश साझा किया है जिसमें अयोध्या की आध्यात्मिक महिमा और सांस्कृतिक वैभव को रेखांकित किया गया है।

ट्रस्ट ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कोसलपुरी सुहावनी सरि सरजू के तीर। भूपावली-मुकुटमणि नृपति जहाँ रघुबीर॥” अर्थात सरयू नदी के तट पर स्थित सुंदर अयोध्यापुरी में राजा राम, समस्त भूपालों के मुकुटमणि, विराजमान हैं।
पोस्ट में आगे लिखा गया कि सरयू के पावन तट पर अवस्थित अयोध्या न केवल एक भौगोलिक स्थल है, बल्कि आस्था, परंपरा और भारतीय संस्कृति का धरोहर केंद्र है, जहाँ भगवान राम अपने दिव्य तेज से समस्त लोक को आलोकित करते हैं।
ट्रस्ट के इस संदेश को श्रद्धालुओं द्वारा व्यापक रूप से साझा किया जा रहा है और इसे ध्वजारोहण उत्सव की शुभ वेला का प्रतीकात्मक उद्घोष माना जा रहा है।
ध्वजारोहण समारोह को अयोध्या में मंदिर निर्माण पूर्णता के बाद एक और ऐतिहासिक क्षण के रूप में देखा जा रहा है।

टिप्पणियाँ