काशी में देव दीपावली पर ढाई हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

वाराणसी, 3 नवंबर (वार्ता) धार्मिक नगरी काशी में देव दीपावली महापर्व पर गंगा आरती और घाटों के अलौकिक दृश्य को देखने के लिए लाखों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। सोमवार को अपर पुलिस उपायुक्त (काशी) सरवणन टी. ने बताया कि पांच नवंबर को देव दीपावली के दिन सुरक्षा के विशेष इंतजाम करते हुए ढाई हजार से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है। गंगा नदी को 14 सेक्टरों में बांटकर एनडीआरएफ, जल पुलिस के साथ विशेष गोताखोरों को तैनात किया जाएगा।

21 एंटी रोमियो टीम और क्यूआरटी की भी तैनाती घाटों पर रहेगी। 28 वॉच टॉवर से सुरक्षाकर्मी निगरानी करेंगे। ड्रोन, सर्विलांस और एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर तकनीकी टीम निगहबानी करेगी। अस्सी, दशाश्वमेध, राज घाट, नमो, रविदास, राजेंद्र प्रसाद, शीतला घाट पर सादे वेश में महिला पुलिसकर्मियों की उपस्थिति भी होगी।
सीधे मार्गों से जुड़ने वाले आठ घाटों को चिह्नित किया गया है, जहां अतिरिक्त पुलिसकर्मी लगाए जाएंगे। दो हजार से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों से पूरे शहर में नजर रखी जाएगी। बिना अनुमति के किसी भी प्रकार के ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह पाबंदी है। जर्जर या पुरानी बोट और नावों की जांच नगर निगम, जल पुलिस, भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) द्वारा की जा रही है। चलने योग्य नावों पर हरा और खराब नावों-बोट पर लाल निशान लगाया जा रहा है।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास