दिल्ली मेट्रो स्टेशन के पास विस्फोट की घटना अति-दुःखद : मायावती
लखनऊ, 11 नवम्बर (वार्ता) बहुजन समाज पार्टी (बसपा) अध्यक्ष मायावती ने दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए विस्फोट की घटना को अत्यंत दुःखद और निंदनीय बताया है।
उन्होंने कहा कि यह घटना देश की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। मायावती ने इस हमले में मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से घायलों के समुचित इलाज और पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद की मांग की है।मंगलवार को लखनऊ में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में मायावती ने पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और उड़ीसा राज्यों में पार्टी संगठन की समीक्षा बैठक की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन राज्यों में संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर पार्टी के जनाधार के विस्तार के लिए कार्यकर्ताओं को नई जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। मायावती ने कहा कि इन राज्यों में गरीब, किसान और आम जनता की स्थिति बेहद चिंताजनक है। भाजपा शासित प्रदेशों में लोगों की समस्याएँ जस की तस बनी हुई हैं, जिससे साबित होता है कि सरकारें बदलने से भी जनता की स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
उन्होंने कहा कि बी.एस.पी. अपने सिद्धांतों और डॉ. भीमराव अंबेडकर के मिशन पर अडिग है और समाज के कमजोर वर्गों, गरीबों और किसानों की आवाज उठाती रहेगी। मायावती ने बताया कि आगामी छह दिसम्बर को पार्टी परिनिर्वाण दिवस (डॉ. भीमराव अंबेडकर) पर विशेष कार्यक्रम आयोजित करेगी। यह कार्यक्रम देशभर में समान रूप से मनाया जाएगा, ताकि समाज में समानता और बंधुत्व के मूल्यों को सशक्त किया जा सके।
मायावती ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनकल्याणकारी कार्यों को प्राथमिकता दें और संविधान की भावना के अनुरूप देश सेवा में समर्पित रहें। उन्होंने कहा कि केवल चुनाव जीतना लक्ष्य नहीं होना चाहिए, बल्कि जनहित और सामाजिक न्याय के मूल उद्देश्य को सामने रखकर काम करना चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें