बिहार में चुनावी हवा देख कर भाजपा घबरा गयी है: अखिलेश

लखनऊ 08 नवंबर (वार्ता) समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनते देख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घबरा गयी है।

श्री यादव ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होने कहा कि इंडिया गठबंधन बिहार के नौजवानों को नौकरी, रोजगार, छात्रों को लैपटॉप देने, एक्सप्रेस-वे, और सड़कें बनाने की बात कर रही है। जबकि राजग के लोग कट्टे और जंगलराज की बात कर रहे हैं। भाजपा ने बिहार को बर्बाद कर दिया है। किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी वर्गों को धोखा दिया है। उन्होने कहा कि दिल्ली से जो आते हैं वे प्रधानमंत्री नहीं उद्योगपति हैं। उन्हें गरीबों की चिंता नहीं है। उन्होंने महंगाई चरम पर पहुंचा दिया है। गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दिए। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ा दिये। उन्हें गरीबों नहीं सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता है। वे उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाते हैं। उद्योगपतियों को बढ़ाते हैं। पिछले दस साल में अपने करीबी उद्योगपतियों को बैंकों में जमा जनता का पैसा दिलाकर बहुत आगे बढ़ा दिया है। जनता भाजपा के धोखा और झूठ को समझ गयी है। बिहार में बदलाव हो रहा है।
श्री यादव ने कहा कि बिहार में नौजवान तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन रहे है। तेजस्वी हर घर नौकरी देंगे। माताओं-बहनों को हर महीने 2500 रुपये महीने देंगे। महंगाई कम करेंगे। गैस सिलेण्डर 500 रूपया में मिलेगा। हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। छात्राओं को साइकिल देंगे। हमने उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के दौरान छात्र-छात्राओं को 20 लाख लैपटॉप बांटे थे। जब तेजस्वी यादव हर घर नौकरी देने की बात करते है तो दिल्ली से आ रहे भाजपा के नेता सवाल उठा रहे है। हमारा कहना है कि अगर प्रधानमंत्री उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाकर उन्हें आगे बढ़ा सकते है। उनकी फैक्ट्रियां और उद्योग लगवा सकते हैं तो तेजस्वी यादव भी सरकारी पैसे से गरीबों को नौकरी देंगे।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में बिहार का नौजवान पलायन करने पर मजबूर है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी पलायन के लिए भाजपा जिम्मेदार है। तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे तो नौजवानों का पलायन नहीं होगा। युवाओं को बिहार में ही नौकरी मिलेगी, वे अपने घर और परिवार में रहेंगे। सरकार बदलेगी बिहार बदलेगा।
श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता भाजपा से दिल्ली सरकार के 10 साल और बिहार सरकार के 20 साल कुल मिलाकर 30 सालों का हिसाब मांग रही है। इस बार जनता भाजपा का पलायन करा देगी। बिहार में इंडिया गठबंधन की जीत सौहार्द भाईचारा, सद्भाव और न्याय की जीत होगी। भाजपा की विदाई तय है। उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन तेजस्वी यादव की सरकार किसानों की मदद करेगी। किसानों को सुविधा देगी। आज किसानों को धान की कीमत नहीं मिल पा रही है। डीएपी, कीटनाशक सब महंगा है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुनी नहीं की। सरकार खाद की बोरी में चोरी करा रही है। उद्योगपतियों को मुनाफा कमवा रही है।
उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने हर चीज की महंगाई बढ़ा दी है। हर चीज का दाम बढ़ गया है। जीएसटी बढ़ाकर मोटर साइकिल का दाम बढ़ा दिया। जब केन्द्र में भाजपा सरकार आयी थी तब 60 रूपये में एक डॉलर मिलता था। अब एक डालर के लिए करीब 90 रूपये देने पड़ते हैं। रूपये की कीमत गिरती जा रही है। भाजपा ने बिहार की जनता से कई बार वोट लिया। हर बार उद्योग और कारखाने लगाने का वादा किया लेकिन नहीं लगाया। भाजपा बिहार में कभी उद्योग कारखाना नहीं लगायेगी। अगर बिहार में उद्योग लग गया तो यहां के नौजवान को बिहार में ही रोजगार मिल जायेगा फिर भाजपा के उद्योगपति मित्रों के दूसरे राज्यों के कारखानों को कौन चलायेगा। भाजपा ने अपने उद्योगपति मित्रों के कारखानों में मजदूरी कराने के लिए उत्तर प्रदेश और बिहार में उद्योग नहीं लगने दिया।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास