प्लेसमेंट के पांचवें दिन आईआईटी बीएचयू ने रचा इतिहास, 1000 से अधिक ऑफर प्राप्त
वाराणसी, 6 दिसंबर (वार्ता) भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 के प्लेसमेंट के प्रथम चरण में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मात्र पांच दिनों में संस्थान को 1005 से अधिक जॉब ऑफर प्राप्त हुए हैं।
इस उपलब्धि पर आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने कहा, “यह हमारे छात्रों की नवाचार क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच, दृढ़ संकल्प और नेतृत्व कौशल का प्रमाण है। हमारे विद्यार्थी कड़ी मेहनत और ईमानदारी से विश्व की शीर्ष कंपनियों का भरोसा जीत रहे हैं। यह सफलता हमारे शिक्षकों की निष्ठा, उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण और उद्योग के साथ मजबूत सहयोग का परिणाम है।”
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के समन्वयक प्रो. सुशांत कुमार श्रीवास्तव, सह-संयोजक डॉ. सूर्य देव यादव एवं डॉ. किशोर पी. सरवाडेकर ने कहा कि 150 से अधिक छात्र स्वयंसेवकों और पूरे प्लेसमेंट स्टाफ की दिन-रात की मेहनत, समर्पण और टीमवर्क के बिना यह उपलब्धि असंभव थी। उन्होंने सभी को हार्दिक धन्यवाद दिया।
इस वर्ष प्रमुख भर्तीकर्ता कंपनियों में गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, गोल्डमैन सैक्स, एनवीडिया, जेपी मॉर्गन, डीई शॉ, क्वॉलकॉम, अमेज़न, फ्लिपकार्ट, ऊबर, वीज़ा, मास्टरकार्ड, डॉयचे बैंक, ग्रैविटॉन, रुब्रिक, टाटा स्टील, रिलायंस, ओला इलेक्ट्रिक, जेप्टो, पेटीएम, फोनपे, एडोबी, सेल्सफोर्स, ओरेकल, डेटाब्रिक्स, वॉलमार्ट, इंटेल, सिस्को, लिंक्डइन, एक्सेंचर, एचयूएल, टेक महिंद्रा, एचसीएल टेक, आईसीआईसीआई बैंक, बीएनवाई मेलॉन, नैटवेस्ट, कैपजेमिनी, एक्सट्रिया, कोहेसिटी, नुटानिक्स, यूआईपाथ आदि देश-विदेश की कंपनियाँ शामिल रहीं।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें