ज्ञानवापी वजूखाना सर्वे मामले में 16 जनवरी को होगी सुनवाई
प्रयागराज, (दिनेश तिवारी) इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने वाराणसी के ज्ञानवापी मस्जिद में वजूखाना की एएसआई सर्वे की मांग में दायर अर्जी पर सुनवाई टाल दी है। अब इस मामले में आगामी16 जनवरी को सुनवाई होगी।
न्यायमूर्ति रोहित रंजन अग्रवाल की एकलपीठ ने राखी सिंह की पुनरीक्षण अर्जी पर यह आदेश दिया है।
गौरतलब है कि राखी सिंह ने ज्ञानवापी मस्जिद स्थित वजूखाना की एएसआई सर्वे की मांग में पुनरीक्षण अर्जी दायर की है। उनकी दलील है कि विवादित स्थल के धार्मिक चरित्र के निर्धारण के लिए वजूखाना की एएसआई सर्वे किया जाना जरूरी है। वहीं मस्जिद पक्षकार इसका विरोध कर रहे हैं।
उच्चतम न्यायालय में पूजा स्थल अधिनियम की वैधता को चुनौती देने वाली याचिका में उच्चतम न्यायालय ने 12 दिसंबर 2024 के आदेश से सर्वेक्षण आदि पर अंतरिम रोक लगा रखी है। इसी के मद्देनजर उच्च न्यायालय ने सोमवार को सुनवाई टाल दी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें