क्लैट 2026 का परिणाम घोषित, 96.01 प्रतिशत रही उपस्थिति

लखनऊ/नई दिल्ली/बेंगलुरु 16 दिसम्बर (वार्ता) देश के उच्च प्रतिष्ठित विधि शैक्षिक संस्थानों में दाखिले के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए सम्पन्न हुई कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (क्लैट) 2026 का परिणाम कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज़ द्वारा मंगलवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष परीक्षा की जिम्मेदारी कंसोर्टियम ऑफ नेशनल लॉ यूनिवर्सिटीज़ द्वारा लखनऊ डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय को दी गई थी।

डॉ राम मनोहर लोहिया राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के प्रवक्ता डॉ शशांक शेखर के मुताबिक क्लैट 2026 परीक्षा का आयोजन 7 दिसंबर 2025 को देशभर के 25 राज्यों एवं 4 केंद्रशासित प्रदेशों में स्थित 156 परीक्षा केंद्रों पर किया गया था। परीक्षा दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक आयोजित हुई, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को अतिरिक्त समय प्रदान किया गया।
कंसोर्टियम के अनुसार क्लैट 2026 में कुल उपस्थिति 96.01 प्रतिशत दर्ज की गई। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों में 57 प्रतिशत महिलाएँ, 43 प्रतिशत पुरुष तथा 9 ट्रांसजेंडर अभ्यर्थी शामिल रहे। परीक्षा के परिणामों को 14 और 15 दिसंबर को सत्यापित कर कंसोर्टियम की गवर्निंग बॉडी के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जिसे आज स्वीकृति प्रदान की गई।
डॉ शशांक शेखर के मुताबिक, क्लैट स्नातक 2026 परीक्षा में कुल 5 सेक्शन शामिल थे, जिनमें 120 प्रश्न पूछे गए। प्रोविजनल आंसर-की से एक प्रश्न हटाए जाने के कारण अभ्यर्थियों का मूल्यांकन 119 अंकों के आधार पर किया गया। यूजी परीक्षा में सर्वाधिक अंक 112.75 दर्ज किए गए।
टॉप-100 अभ्यर्थियों के शहरवार वितरण में बेंगलुरु पहले स्थान पर रहा, जहाँ से 15 अभ्यर्थी शीर्ष 100 में शामिल हुए। इसके बाद नई दिल्ली से 8, मुंबई से 7, जबकि चेन्नई, हैदराबाद और जयपुर से 6-6 अभ्यर्थियों ने स्थान बनाया। लखनऊ, नोएडा और गुरुग्राम जैसे शहरों से भी उल्लेखनीय संख्या में अभ्यर्थी टॉप-100 में शामिल रहे।
वहीं क्लैट परास्नातक 2026 परीक्षा में एक ही सेक्शन के अंतर्गत 120 प्रश्न पूछे गए। एक प्रश्न हटाए जाने और तीन प्रश्नों की उत्तर कुंजी में संशोधन के बाद मूल्यांकन 119 अंकों के आधार पर किया गया। PG परीक्षा में सर्वाधिक अंक 104.25 रहे। पीजी के टॉप अभ्यर्थियों में नई दिल्ली से सर्वाधिक 22 उम्मीदवार शामिल हुए, जबकि जबलपुर, जयपुर, इंदौर, पटियाला और लखनऊ जैसे शहरों से भी कई अभ्यर्थियों ने सफलता प्राप्त की।
कंसोर्टियम ने स्पष्ट किया है कि क्लैट 2026 के आधार पर देश की सभी राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों में स्नातक और स्नातकोत्तर इंटीग्रेटेड कार्यक्रमों में प्रवेश शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए किया जाएगा। काउंसलिंग और प्रवेश प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थी अपना आधिकारिक स्कोरकार्ड कंसोर्टियम की वेबसाइट और निर्धारित मिरर साइट के माध्यम से डाउनलोड कर सकते हैं।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास