अयोध्या में 27 दिसंबर से होगा प्रदेश भर के महापौर का जमावड़ा

अयोध्या 24 दिसम्बर (वार्ता) उत्तर प्रदेश के अयोध्या में आगामी 27 एवं 28 दिसंबर को प्रदेश भर के सभी 17 महापौर अयोध्या आएंगे। वह पंचशील होटल में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। वे अयोध्या में किए जा रहे पार्किंग, पार्कों के सुंदरीकरण, स्वच्छता, पेयजल समेत विभिन्न व्यवस्था के नवाचारों से परिचित होंगे और अपने नवाचारों से अयोध्या के पार्षद दल तथा अधिकारियों को परिचित कराएंगे।
निरंतर नवाचार में जुटे अयोध्या नगर निगम ने व्हाट्सएप के माध्यम से उपभोक्ताओं को गृह-जल एवं सीवर कर का बिल पहुंचाने एवं भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। तिलक हाल में आयोजित पत्रकार वार्ता में नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार एवं पार्षदों की मौजूदगी में उन्होंने लैपटॉप पर बटन दबाकर इस सेवा का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा के माध्यम से शुरू की गई सेवा में सभी प्रकार की संपत्ति कर जमा करने की सुविधा उपभोक्ताओं को हासिल हो गई है। उन्हें रसीद भी व्हाट्सएप पर ही सुलभ करा दी जाएगी। इससे किसी प्रकार की वित्तीय अनियमितता की आशंका नगण्य हो जाएगी।
नगर आयुक्त कुमार ने बताया कि बैंक ऑफ़ बड़ौदा के सहयोग से व्हाट्सएप के माध्यम से शुरू होने वाली कर वसूली की सुविधा से लोगों को काफी आसानी होगी और नगर निगम में मानव संसाधनों की बचत होगी। उन्होंने एक सवाल के जवाब में बताया कि नगर निगम की आमदनी बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र को भी आमंत्रित किया गया है।
इस मौके पर अपर नगर आयुक्त डॉ. नागेंद्र नाथ एवं भारत भार्गव, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी गजेंद्र कुमार के अलावा पूर्व उप सभापति जयनारायण सिंह रिंकू, पार्षद अनुज दास, अनिल सिंह, बृजेंद्र सिंह, दीप गुप्ता, चंदन सिंह, संतोष सिंह, विकास पाल, धर्मेंद्र मिश्र, सूर्य कुमार तिवारी सूर्या आदि मौजूद थे।

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सपा अध्यक्ष को लगता है कि मुसलमान उनकी जेब में हैं: मायावती

हार-जीत से बड़ा है सक्षम बनना

24 जुलाई 2026 को चंद्रमा दिखाई देगा अन्टारेस (ज्येष्ठा नक्षत्र के योगतारा) के पास