कंडक्टर बनने के लिए प्रयागराज क्षेत्र में 76 महिलाओं ने किए आवेदन, 200 संविदा पदों पर भर्ती
क्षेत्रीय प्रबंधक रविंद्र कुमार मिश्रा के अनुसार 10 दिसंबर को आवेदन प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। चयनित महिलाओं को साधारण बसों के साथ एसी बसों में भी परिचालक के रूप में तैनात किया जाएगा। नियुक्ति के बाद उन्हें टिकट मशीन संचालन, यात्री व्यवहार व अन्य संबंधित सेवा से जुड़ी गतिविधियों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा|
उन्होंने बताया कि राजापुर स्थित प्रयाग डिपो कार्यशाला में नोडल अधिकारी एआरएम प्रशांत दीक्षित की अध्यक्षता में गठित चयन समिति आवेदनों की स्क्रीनिंग कर रही है। इसके बाद पात्र अभ्यर्थियों को अनुबंध पत्र जारी कर एक सप्ताह के अंदर नियुक्ति दी जाएगी| आवेदन करने वाली महिलाओं में स्वयं सहायता समूह की सदस्य, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड व कौशल विकास मिशन से प्रशिक्षित अभ्यर्थी शामिल हैं|
गौरतलब है कि चालक भर्ती के लिए 20 दिसंबर से विशेष मेले का आयोजन किया जाएगा। यह मेला 13 जगहों पर लगाया जाएगा ताकि दूर-दराज के उम्मीदवार भी इसमें शामिल हो सकें। यह मेला 20 दिसंबर को जारी बस स्टेशन, 21 को मेजा रोड पर बद्री प्रसाद तिवारी इंटर कॉलेज, सरायअकिल बस स्टेशन, कुंडा बस स्टेशन, 22 को मंझनपुर डिपो कार्यशाला, झूंसी कार्यशाला, लालगंज बस स्टेशन, 23 को फूलपुर ब्लॉक, पट्टी बस स्टेशन, 24 को बादशाहपुर डिपो कार्यशाला, प्रतापगढ़ डिपो कार्यशाला, मड़िहान बस स्टेशन, 26 दिसंबर को मिर्जापुर डिपो कार्यशाला।
उम्मीदवारों की भर्ती स्थल पर जांच होगी और इसके बाद ड्राइविंग टेस्ट होगा। अभ्यर्थियों को दूसरे चरण के टेस्ट के लिए कानपुर भेजा जाएगा। वहां आगे की परीक्षा और ट्रेनिंग पूरी होने के बाद नियुक्ति दी जाएगी। इस मेले के तहत संविदा ड्राइवर के तकरीबन 250 पदों पर भर्ती की जाएगी। न्यूनतम शैक्षिक योग्यता आठवीं पास है। आयु सीमा 23 वर्ष छह महीने से 58 वर्ष तक है। उम्मीदवार के पास कम से कम दो साल पुराना भारी वाहन चालक लाइसेंस होना चाहिए और जाति प्रमाणपत्र छह महीने से अधिक पुराना नहीं होना चाहिए।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें