स्विट्जरलैंड की राजदूत ने भारत के पहले शहरी रोपवे प्रोजेक्ट का किया निरीक्षण

वाराणसी, 20 दिसंबर (वार्ता) केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार की पर्वतमाला परियोजना के तहत देश का पहला शहरी ट्रांसपोर्ट रोपवे प्रोजेक्ट धीरे-धीरे काशी में मूर्त रूप ले रहा है। दो दिवसीय वाराणसी दौरे पर पहुंची स्विट्जरलैंड की राजदूत माया तिस्साफी, जो वर्तमान में भारत और भूटान में स्विट्जरलैंड की राजदूत हैं, ने अपने दौरे के दौरान शनिवार को शहरी रोपवे प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया।
रोपवे का निर्माण नेशनल हाईवे लॉजिस्टिक मैनेजमेंट लिमिटेड (एनएचएलएमएल) और स्विट्जरलैंड की कंपनी बार्थलेट द्वारा किया जा रहा है। निरीक्षण के बाद उन्होंने इसकी सराहना की और कहा कि वाराणसी रोपवे एनएचएलएमएल के तत्वावधान में एक ऐतिहासिक शहरी गतिशीलता परियोजना है।
संकरी गलियों से लेकर हवाई दृश्य तक, वाराणसी रोपवे शहरी गतिशीलता में एक साहसिक छलांग है। यह भीड़भाड़ को कम करेगा, स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देगा और शहर की आत्मा को संरक्षित रखेगा। इस पहल से यातायात सुगम होगा, पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा शहर के आध्यात्मिक स्वरूप को संरक्षित किया जा सकेगा।

टिप्पणियाँ