माघ मेले को लेकर नगर निगम अपनेे संसाधनों को बढ़ाने में जुटा
प्रयागराज, 06 दिसंबर (वार्ता ) उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में संगम की रेती पर तीन जनवरी से शुरू होने जा रहे माघ मेले को लेकर नगर निगम भी अपने संसाधनों को बढ़ाने में जुटा है।
मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा है कि नगर निगम में दो रोबोट एक पोकलेन और दो नई जेसीबी मशीनें आ जाने से शहर की सफाई व्यवस्था जहां और सुदृढ़ होगी वहीं माघ मेले में भी इन मशीनों से सफाई में काफी मदद मिलेगी। मेयर ने कहा है कि जो बड़े कार्य होंगे उसमें पोकलेन मशीन का इस्तेमाल किया जाएगा। जबकि कूड़े घर में सफाई के लिए जेसीबी मशीनों का प्रयोग किया जाएगा।
उन्होंने कहा है कि जहां पर बड़ी गाड़ियां नहीं जा पाती हैं। वहां पर रोबोट के जरिए सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। मेयर उमेश चंद्र गणेश केसरवानी ने कहा है कि इन अत्याधुनिक मशीनों से प्रयागराज को स्वच्छ प्रयागराज बनाने में मदद मिलेगी। इस मौके पर मेयर ने पूजा अर्चना के बाद हरी झंडी दिखाकर इन मशीनों को नगर निगम को समर्पित किया। इस मौके पर नगर आयुक्त सीलम सांई तेजा, पार्षदगण और नगर निगम के कर्मचारी व अधिकारी भी मौजूद रहे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें