भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में प्रतियोगी छात्रों को समर्थन देती रहेगी सपा: अखिलेश
लखनऊ 11 दिसंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर नौजवानो को छलने का आरोप लगाते हुये समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई में उनकी पार्टी का समर्थन प्रतियोगी छात्रों को जारी रहेगा।
श्री यादव ने कहा कि नौकरी और रोजगार भाजपा के एजेंडे में नहीं है। भाजपा नौजवानों और युवाओं को लगातार धोखा दे रही है। भाजपा सत्ता से हटेगी तभी नौजवानों को नौकरियां रोजगार मिलेगा। उन्होने भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रयागराज में प्रतियोगी छात्रों के प्रस्तावित आंदोलन को नैतिक रूप से समर्थन देते हुए कहा कि हमारा समर्थन प्रतियोगी छात्रों के साथ हमेशा रहा है और रहेगा। ये राजनीति का नहीं युवाओं के भविष्य का सवाल है।उन्होने कहा कि भाजपा सरकार ने नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया है। छात्र-नौजवान प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते-करते निराश और हताश हो चुके हैं। शिक्षा विभाग से लेकर प्रदेश सरकार के तमाम विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली हैं लेकिन भाजपा सरकार भर्तियां नहीं कर रही है। बड़ी संख्या में छात्र-नौजवान लंबे समय से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन उन्हें नौकरियां नहीं मिल रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार नौजवानों से झूठे वादे करती आ रही है। भाजपा नौकरी और रोजगार के मुद्दे पर बात नहीं करती है। वह समाज को बांटने और आपस में लड़ाने के लिए नए-नए मुद्दों में उलझाए रखना चाहती है। भाजपा विवादी पार्टी है। हर जगह विवाद खोजती है। झगड़ा लगाती है। जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने का कार्य करती है

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें